दस लाख रुपए वापस किए

न्यूयॉर्क शहर में एक बांग्लादेशी टैक्सी ड्राइवर ने ईमानदारी दिखाते हुए क़रीब दस लाख रुपए वापस कर दिए.
बांग्लादेश के नागरिक मुकुल असदुज्ज़मन मेडिकल की पढ़ाई करते हैं और खाली समय में टैक्सी चलाते हैं.
न्यूज़डे अख़बार के अनुसार असदुज्ज़मन को जब अपनी टैक्सी की पीछे की सीट पर एक बैग में ये पैसे, हज़ारों रुपए के जेवरात और कुछ पासपोर्ट मिले तो वो ये सब लौटाने 80 किलोमीटर दूर यात्री के घर पहुंचे.
ये पैसे और सामान इटली की नागरिक मिसेज़ लैटियरी के थे जो अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने आई थीं. जब असदुज्ज़मन लैटियरी के घर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था. उन्होंने लैटियरी के घर पर अपना नंबर भी छोड़ दिया.
लैटियरी ने उनसे बाद में संपर्क किया और उन्हें अपना पूरा सामान मिल गया.
जब इस परिवार ने असदुज्ज़मन को ईनाम देना चाहा तो उन्होंने यह कहते हुए ईनाम लेने से मना कर दिया कि वो आस्थावान मुसलमान हैं और ईमानदारी के लिए पैसे नहीं ले सकते.
अख़बार के अनुसार असदुज्ज़मन ने कहा, ‘‘ मुझे पैसों की ज़रुरत हो सकती है लेकिन मैं ईमानदार हूं. मुझे अपनी मां से प्रेरणा मिली है जो मुझे हमेशा ईमानदार रहने के लिए कहती रही हैं. ’’
असदुज्ज़मन कहते हैं, ‘‘ जब उनको ये सामान मिला तो वो बहुत खुश थे. अगर मैं पैसे ले लेता तो अमरीका में अधिक समय रह पाता पढ़ाई के लिए लेकिन मेरे दिल ने कहा कि ये सही नहीं होगा.’’
उनका कहना था, ‘‘ मैं ज़रुरतमंद हूं लालची नहीं. ईमानदार होना बेहतर है.’’












Click it and Unblock the Notifications