तबाही का मंज़र अब हो रहा है साफ़

तबाही का मंज़र अब हो रहा है साफ़

कैरेबियाई देश हेती में आए भयंकर भूकंप से हुई तबाही का मंज़र अब साफ हो रहा है और राष्ट्रपति रेने प्रेवाल के अनुसार इसमें हज़ारों लोगों की मौत हुई है.

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान कि मून ने कहा है कि हेती में संगठन के प्रमुख और उप प्रमुख समेत स्टाफ के क़रीब 100 लोगों का पता नहीं चल पाया है.

पिछली दो सदियों में हेती में आए इस सबसे भयंकर भूंकप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर सात मापी गई और इसका केंद्र देश की राजधानी पोर्ट ओ प्रिंस से मात्र 15 किलोमीटर दूर था.

रेड क्रास के अनुसार इस त्रासदी में कम से कम तीस लाख लोग प्रभावित हुए हैं और राजधानी के रोमन कैथोलिक चर्च के आर्चबिशप की भी मौत हो गई है.

हेती के राष्ट्रपति प्रेवाल ने मियामी हेराल्ड अख़बार से कहा कि उन्हें हज़ारों लोगों के मरने की आशंका है.

उन्होंने राजधानी में स्थिति को ‘कल्पना से परे’ क़रार दिया और कहा, ‘‘ संसद ध्वस्त हो गई है. टैक्स कार्यालय बर्बाद हो गया है. स्कूल, अस्पताल सब गिर गए हैं. कई स्कूलों में कई लोग दबे पड़े हैं.’’

घटना के बाद अमरीका समेत कई देशों ने हेती के लिए मदद भेजने की तैयारी कर ली है.

वाशिंगटन में अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि ये एक क्रूर त्रासदी है और ऐसे मौके पर वो हेती को अपना पूरा समर्थन देंगे.

ओबामा के अनुसार अमरीकी राहत टीमें जल्दी ही हेती पहुंच जाएंगी.

भूकंप का केंद्र राजधानी से बहुत दूर नहीं था और इसके कुछ ही देर बाद 5.9 और 5.5 की तीव्रता के झटके भी महसूस किए गए.

सबकुछ ठप

संवाददाताओं का कहना है कि हेती में पूरी तबाही का सही-सही अनुमान लगाना कठिन हो रहा है क्योंकि संचार के माध्यम भी ठप्प पड़ गए हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंगलवार की शाम को आए भूकंप के बाद वहाँ अफ़रातफ़री का माहौल था और आसमान में धूल दिखाई दे रही थी और चीख़ने-चिल्लाने की आवाज़ें आ रही थीं.

उत्तर अमरीकी महाद्वीप के कैरीबियाई क्षेत्र का एक छोटा सा देश है और वह दुनिया के ग़रीबतम देशों में से एक है. वह अभी भी एक साल पहले आए तूफ़ान से उबरने की कोशिश कर रहा है.

फ़्रांस और वेनेज़ुएला ने भी सहायता भेजने की घोषणा की है. इंटर-अमरीकन डेवलपमेंट बैंक ने हेती को तुरंत दो लाख डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है.

भारी नुक़सान

भूकंप से हुए जानमाल के नुकसान के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है. अमरीका हेती और दूसरे देशों को पूरी मदद दे रहा है.

अमरीकी भूगर्भ विभाग के अनुसार जब भूकंप का पहला झटका आया तो स्थानीय समय के अनुसार शाम को चार बजकर 53 मिनट हुए थे.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने हेती से ख़बर दी है कि 'मलबों के नीचे अभी भी बहुत से लोग फँसे हुए हैं'.

संचार व्यवस्था ठप्प होने से पहले सहायता एजेंसी के लोगों ने अपने दूसरे साथियों से संपर्क साधने में सफलता पाई.

पड़ोसी देश जमैका से बीबीसी संवाददाता निक डेविस ने ख़बर दी है कि हैती में ज़मीन एक मिनट से अधिक समय तक काँपती रही.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+