उत्तर भारत को ठंडी हवाओं ने जकड़ा

मौसम विभाग की माने तो अगले एक सप्ताह में उत्तर भारत में पारा और नीचे जाएगा। यानी ठिठुरन और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को इस मौसम का सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि औसत से दो डिग्री कम था।
सुल्तानपुर सबसे ठंडा रहा
सुबह के समय हल्का सा कुहरा छाया हुआ था लेकिन इससे दृश्यता में कुछ खास कमी नहीं हुई थी। आईएमडी के मुताबिक मंगलवार की सुबह दृश्यता 1,000 मीटर थी और इसकी वजह से उड़ानों के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
वहीं उत्तर प्रदेश में लखनऊ सहित राज्य के सभी जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। सुल्तानपुर में प्रदेश में सबसे कम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस मौसम का न्यूनतम तापमान है।
पारा गिरने की संभावना
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक पर्वतीय इलाकों से आ रही ठंडी हवा के कारण प्रदेश के सभी क्षेत्रों के तापमान में गिरावट हुई है। दिन में सूर्य इस वक्त दक्षिणी गोलार्ध स्थित मकर रेखा पर है, इसलिए उत्तरी गोलार्ध में इसकी किरणें सर्वाधिक तिरछी हैं, जिस वजह से सूर्य किरणों की गर्माहट भी काफी कम है।
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड में इजाफा होगा।












Click it and Unblock the Notifications