पुलिस सुरक्षा में मौज करता धरा गया अपराधी, 4 पुलिसकर्मी निलंबित
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रथम बृजलाल ने मंगलवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि हत्या, अपहरण व अन्य अपराधों में जेल की सजा काट रहे अपराधी अतीक अहमद को चार साथियों व उन्हें पेशी पर लाने वाले चार पुलिसकर्मियों के साथ सोमवार देर रात लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के अतिथि गृह में मौज मस्ती करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थनगर जेल में बंद अतीक को पेशी के लिए एक निरीक्षक और तीन सिपाहियों की सुरक्षा में सिद्धार्थनगर जेल से कानपुर लाया गया था। नियम के मुताबिक पेशी के बाद उसे जेल में रखा जाना चाहिए था, लेकिन पुलिस से सांठगांठ करके अतीक लखनऊ रेलवे स्टेशन के अतिथि गृह को अपना आशियाना बनाए हुए था।
लाल ने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ ने यह छापेमारी की। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पेशी पर लाने वाले निरीक्षक अशरफुल सिद्दीकी, कांस्टेबल जगदीश कुमार, रमापति यादव व जयनारायण को अपराधियों से मिलीभगत के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
क्या इसमें रेलवे के अधिकारियों की मिलीभगत है..इस सवाल के जवाब में लाल ने कहा कि यह तो जांच के बाद पता चलेगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications