शिबू सोरेन के लिए भाजपा अछूत नहीं
शिबू सोरेन ने बोकारो में संवाददाताओं को बताया, "अगली सरकार बनाने की चाबी मेरे पास है। हमारे लिए भाजपा अछूत नहीं है। यदि राजग या संप्रग को हमारे समर्थन की जरूरत है तो उन्हें हमसे संपर्क करना चाहिए।" सोरेन ने इसके पहले साफ किया था कि झामुमो न तो संप्रग का हिस्सा है और न ही राजग का।
सोरेन के बेटे और राज्यसभा सदस्य हेमंत सोरेन ने भी कहा है कि उनकी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए विकल्प खुला रखा है। हेमंत सोरेन ने धनबाद में में कहा, "कोई भी निर्णय राज्य के हित में लिया जाएगा। हम उसी गठबंधन को समर्थन देंगे जो राज्य में स्थिर सरकार देने में सक्षम होगा।"
राज्य में 25 नवंबर से 18 दिसंबर तक पांच चरणों में हुए चुनाव के लिए मतगणना बुधवार को होगी।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि राजग विधानसभा में सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभर कर आ सकता है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह सकता है। वहीं पर कांग्रेस और झारखण्ड विकास मोर्चा का गठजोड़ राज्य में एक मजबूत ताकत के रूप में उभर सकता है।
वर्ष 2005 में हुए चुनाव में झामुमो ने 17 सीटें जीती थी। इस बार उसे 12 से 15 सीटें मिलने की संभावना है। यदि झामुमो राजग को समर्थन करता है तो भाजपा के लिए बहुमत का आंकड़ा पार करना आसान हो जाएगा। दूसरी ओर कांग्रेस व झारखण्ड विकास मोर्चा गठबंधन को यदि झामुमो का समर्थन मिल भी जाता है तो भी उसे सरकार बनाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications