नेपाल में माओवादियों की हड़ताल खत्म
मंगलवार को माओवादियों ने राजधानी काठमांडू में 'विजयी बैठक' में हिस्सा लेकर हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में रैली आयोजित की थी।
ढाई दिनों तक बंद की वजह से पूरे देश में आम जनजीवन प्रभावित हुआ और सभी शैक्षणिक और व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
माओवादी सांसद नेत्र बिक्रम चंद ने कहा कि देश भर में विरोध प्रदर्शन अच्छे संविधान के लिए किया गया था। माओवादी नेताओं ने भारत का उल्लेख किए बगैर कहा कि वे विदेशी हस्तक्षेप की निंदा करते हैं।
माओवादियों के बंद की वजह से देश को 1.2 अरब नेपाली रुपये का घाटा हुआ है। उधर, पूर्व प्रधानमंत्री और माओवादी प्रमुख पुष्प कमल दहाल प्रचंड ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांग स्वीकार नहीं करती है तो भविष्य ऐसी हड़तालें जारी रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि माओवादी मई में राष्ट्रपति द्वारा सेना प्रमुख की बहाली के आदेश को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications