यूपी: पानी के लिए खून बहा, 2 मरे

इटावा के बिठौनी थाना क्षेत्र के राउनी गांव में सोमवार देर रात कुएं से पहले पानी भरने को लेकर अमर सिंह और सर्वेश परिहार नाम के व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि अमर और सर्वेश दोनों ने बंदूकें निकाल लीं। दोनों ओर से भिड़ने के लिए कई अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
देर रात दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में अमर और सर्वेश की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। बिठौनी थाना प्रभारी नागेश मिश्रा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि आज सुबह दोनों पक्षों की तरफ से एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications