अफगानिस्तान में विस्फोटों में 15 मरे (लीड-4)
सामाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मध्य काबुल में डिप्लोमेटिक एंक्लेव इलाके में एक हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन में विस्फोट कर दिया जिससे तीन सुरक्षाकर्मियों और पांच नागरिकों की मौत हो गई।
आंतरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी बयान में इसे आत्मघाती हमला करार दिया गया। बयान में कहा गया कि इस आत्मघाती हमले में आठ लोगों की मौत हो गई।
तालिबान के एक प्रवक्ता ने इस हमले में अपनी संलिप्तता से इंकार किया है।
राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा कि मंगलवार को काबुल में पूर्व उपराष्ट्रपति अहमद जिया महसूद के आवास के समीप विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि महसूद सुरक्षित हैं। करजई ने कहा कि मारे गए लोगों में महसूद के दो सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
यह विस्फोट वजीर अकबर खान इलाके में हुआ। जहां विस्फोट हुआ वहां कई देशों के दूतावास और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों की इमारतें हैं।
पुलिस अधिकारी अब्दुल मतीन ने कहा कि विस्फोट हीटाल होटल के करीब एक वाहन में हुआ। उन्होंने कहा कि वाहन में भारी मात्रा में विस्फोटक लदे थे।
मतीन ने कहा कि विस्फोट की वजह से समीप के इमारतों को नुकसान पहुंचा। उधर, तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि विस्फोट में उसके संगठन या सहयोगियों का हाथ नहीं है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार घायलों को काबुल स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में काबुल पुलिस के पूर्व प्रमुख सलीम हसास भी शामिल हैं।
एक निजी चैनल 'टोलो टीवी' ने विस्फोट संबंधी वीडियो फुटेज जारी किया, जिसमें एक वाहन को आग की लपटों से घिरे दिखाया गया है। विस्फोट स्थल से पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को घायलों को एंबुलैंस तक पहुंचाते हुए भी दिखाया गया है।
एक निर्माण कंपनी के कर्मचारी अब्दुल हसीब ने कहा, "विस्फोट स्थल से हमारा कार्यालय आधे किलोमीटर की दूरी पर है। विस्फोट काफी शक्तिशाली था। इससे हमारे कार्यालय को भी क्षति पहुंची।"
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जहीर अजीमी ने कहा कि दक्षिणी प्रांत हेलमंद में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी मोटरसाइकिल को उड़ा दिया जिसमें दो अफगान सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। उधर इसी प्रांत के संगीन जिले में दो लोग घायल हो गए।
अजीमी ने कहा कि विस्फोट में दो अफगानी सेना के जवानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हमले में विदेशी सेना के जवान भी घायल हुए हैं लेकिन उनका विवरण नहीं मिल सका।
उधर, पूर्वी प्रांत पाकतिया में हुए बम विस्फोट में चार अफगानी सहित एक नेपाली कामगार की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications