आतंकवादी हमलों की आशंका से उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) अरविंद कुमार जैन ने मंगलवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि आईबी द्वारा सूचना दी गई है कि भारत में दाखिल हुए कुछ आतंकी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों को अपना निशाना बना सकते हैं। यह चेतावनी मिलने के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जैन ने कहा कि सभी पुलिस महानिरीक्षकों, उप-महानिरीक्षकों, जिला पुलिस प्रमुखों और विशेष कार्रवाई दस्ते(एसटीएफ) को सतर्क रहने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि बुलंदशहर स्थित नरौरा परमाणु संयंत्र सहित प्रमुख विद्युत सयंत्रों और ताजमहल, अयोध्या, काशी, मथुरा सहित महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा पुख्ता करने के साथ पुलिस प्रमुखों को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि आईबी ने सोमवार को गृह मंत्रालय को जानकारी दी थी कि कुछ आतंकवादी भारत में दाखिल हो गए हैं, जो दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, गुजरात, बेंगलुरू में कई महत्वपूर्ण स्थानों को अपना निशाना बना सकते हैं, जिसके बाद सोमवार को गृह मंत्रालय की तरफ ने इन राज्यों को अलर्ट जारी किया गया था। मंगलवार को आईबी द्वारा उत्तर प्रदेश में इन आतंकियों द्वारा हमलों की आशंका जताए जाने के बाद राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications