चुनाव लड़ना चाहती हैं नगमा
लखनऊ, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेत्री नगमा का कहना है कि वह कांग्रेस के टिकट पर उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ना चाहती हैं।
युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान में तेजी लाने के लिए उत्तर प्रदेश के दौरे पर आईं नगमा पिछले कई दिनों से सूबे के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रही हैं। लखनऊ में मंगलवार को उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह उत्तर प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी हाई कमान को ही करना है।
खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताने वाली नगमा ने कहा कि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की उनकी हसरत पिछले कई बरस से थी, लेकिन तब वह चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं थीं। इसलिए उन्हें टिकट नहीं मिला।
गौरतलब है कि मुंबई की एक लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की उन्होंने पार्टी हाईकमान से इच्छा जाहिर की थी, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया था।
नगमा ने कहा कि एक लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री होने के नाते उनकी उत्तरप्रदेश और बिहार में उनकी पैंठ है। इसीलिए पार्टी ने बीते लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें यहां प्रचार के लिए भेजा था। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पिछले कई साल से वह उत्तरप्रदेश और बिहार आ रही हैं इसलिए उन्हें बखूबी पता है कि यहां के लोग किस तरह की परेशानियों का सामना करते हैं।
इस मौके पर नगमा ने कहा कि युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान में महिलाओं को भी अधिक से अधिक संख्या में जोड़ना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से राजनीति से जुड़ कर समाज सेवा में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अन्य क्षेत्रों की तरह ही राजनीति में भी अधिक योगदान देना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications