तेदेपा विधायकों ने इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया
मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा)से संबद्ध तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्रों के विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष किरणकुमार रेड्डी से मुलाकात की और उनसे मांग की कि वह उनके इस्तीफे स्वीकार कर लें।
विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद तेदेपा नेता अशोक गजपति राजू ने संवाददाताओं को बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह संविधान विशेषज्ञों से सलाह करेंगे और कुछ दिनों के भीतर कोई निर्णय लेंगे।
ज्ञात हो कि 294 सदस्यीय विधानसभा में दोनों क्षेत्रों के 138 विधायकों ने पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के केंद्र सरकार के निर्णय के विरोध में अपने इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिए हैं।
इस्तीफा सौंपने वाले विधायकों में 80 सत्ताधारी कांग्रेस के, 44 तेदेपा के और 14 प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के हैं। विधायकों के इस सामूहिक इस्तीफे के कारण सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित करनी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications