पुत्री के हत्यारे को उम्रकैद (लीड-1)
वेलिंग्टन, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड में दक्षिण अफ्रीकी मूल के अप्रवासी को अपनी ग्यारह सप्ताह की नवजात बच्ची की हत्या के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनायी गई है। बच्ची को भूखा रखकर और पीट-पीट कर मार डाला गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ऑकलैंड उच्च न्यायालय ने पिछले महीने अनीस मोहम्मद (31) को दोषी करार दिया था। उसे आजीवन कारावास की सजा सुनायी गई है। पैरोल पर छूटने के लिए उसे पहले कम से कम 17 साल जेल में बिताना जरूरी होगा।
मोहम्मद की पत्नी तब्बसुम मोहम्मद को तहानी नाम की अपनी बच्ची की जरूरते पूरी नहीं कर पाने के लिए चार साल की कैद की सजा सुनायी गई है। रिहा होने के बाद उसे दक्षिण अफ्रीका भेज दिया जायेगा।
अभियोजन पक्ष ने पिछले महीने कहा था कि बच्ची के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और एक जनवरी 2008 को दम तोड़ने से पूर्व वह केवल 11 सप्ताह ही जीवित रह सकी। मौत से चार दिन पहले ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अदालत को बताया गया कि बच्ची को मस्तिष्क में गंभीर चोटे आई थीं, उसकी एक हड्डी भी टूटी हुई थी और वह बुरी तरह कुपोषित थी और उसका वजन भी महज चार किलोग्राम था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications