'आठ साल में छोड़ देंगे अफ़ग़ानिस्तान'
बीबीसी के पॉल एडम्स का कहना है कि अपने कार्यकाल के पहले साल की राष्ट्रपति ओबामा की ये बहुत महत्वपूर्ण घोषणा होगी. अनुमान के मुताबिक ओबामा तीस से 35 हज़ार अतिरिक्त सैनिक अफ़ग़ानिस्तान भेजने की घोषणा करेंगे. अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी कमांडर जनरल मैक्किस्टल ने 40 हज़ार सैनिकों की माँग की है.
प्रशिक्षण
ओबामा ने मंगलवार को कहा था कि वे अफ़ग़ानिस्तान में काम को पूरा करना चाहते हैं. व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा, “हम अफ़ग़ानिस्तान मे नौ साल से कोशिश कर रहे हैं. हम वहाँ और नौ साल नहीं रहना चाहते." उन्होंने कहा कि नई नीति के तहत अफ़ग़ान सुरक्षाबलों को प्रशिक्षित करना प्राथमिकता सूची में सबसे आगे है.
फ़िलहाल करीब 68 हज़ार अमरीकी सैनिक अफ़ग़ानिस्तान में तैनात हैं जबकि नैटो देशों के 42 हज़ार सैनिक हैं. नैटो देश दिसंबर में बातचीत करेंगे कि क्या वहाँ और सैनिक भेजे जाने चाहिए या नहीं. इस बीच तालेबान ने एक बेवसाइट पर बयान दिया है जिसमें मुल्ला उमर ने हामिद करज़ई की बातचीत की पेशकश को ठुकरा दिया है.
बयान में कहा गया है, “अफ़ग़ानिस्तान के लोग ऐसी बातचीत के लिए तैयार नहीं होंगे जिसमें हमारे देश में विदेश ताकतों को देर तक टिके रहने की अनुमति दी गई हो. अफ़ग़ानिस्तान हमारा घर है."













Click it and Unblock the Notifications