पाकिस्तान में स्कूल, कॉलेज बंद

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अंतरराष्ट्रीय इस्लामी विश्वविद्यालय पर हुए हमले के बाद पूरे देश में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए गए हैं.
मंगलवार दोपहर अंतरराष्ट्रीय इस्लामी विश्वविद्यालय के परिसर में हुए धमाके में चार लोग मारे गए थे और 18 से अधिक लोग घायल हुए थे.
जब से पाकिस्तानी सेना ने तालेबान के ख़िलाफ़ दक्षिणी वज़ीरिस्तान में अभियान शुरु किया है, तब से तालेबान लड़ाकों ने पाकिस्तान में विभिन्न जगहों पर अनेक हमले किए हैं लेकिन मंगलवार का हमला किसी शिक्षा संस्थान पर पहला ऐसा हमला था.
इस महीने पाकिस्तान में हुए चरमपंथी हमलों में 180 लोग मारे गए हैं.
तालेबान ने मंगलवार के हमले की ज़िम्मेदारी ली थी और ये धमकी भी दी थी कि जब तक पाकिस्तानी सेना दक्षिणी वज़ीरिस्तान में अपना सैन्य अभियान बंद नही करती तब तक ऐसे हमले जारी रहेंगे.
मंगलवार के हमले के बाद पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने कहा था कि 'पाकिस्तान जंग की स्थिति में है.'
बीबीसी संवाददाता मार्क डम्मट के अनुसार ये सुनुश्चित करना मुश्किल है कि दक्षिण वज़ीरिस्तान में क्या हो रहा है क्योंकि वहाँ पत्रकारों के जाने पर पाबंदी है.
लेकिन उनका ये भी कहना है कि विदेशी लड़ाकों के समर्थन से संघर्ष कर रहे तालेबान और पाकिस्तानी सेना अब कह रहे हैं कि हकीमुल्ला महसूद के पैतृक गाँव कोटकाई पर नियंत्रण कायम करने के लिए जगं हो रही है.












Click it and Unblock the Notifications