बाल्को मामले में सीईओ को तलब किया

बाल्को नगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया, "चिमनी ढहने की घटना के बारे में हम बाल्को प्रबंधन से कुछ तथ्य जानना चाहते हैं और हमने सीईओ गुंजन गुप्ता को यथासंभव शीघ्र बाल्को नगर पुलिस स्टेशन हाजिर होने के लिए एक नोटिस भेजा है।" उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर चिमनी गिरने के मामले में पहले ही बाल्को और गैनन डंकरले एंड कंपनी लिमिटेड (जीडीसीएल) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
राहत और बचाव कार्य अब समाप्ति की ओर हैं। मलबे से अब तक 45 शव बरामद किए जा चुके हैं और जीडीसीएल के कई अनुबंधित कर्मचारी अभी भी लापता हैं। बाल्को पर वेदांत रिसोर्सेज का नियंत्रण है। इसमें भारत सरकार की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने चीन की कंपनी शेनदोंग इलेक्ट्रिक पावर कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन (एसईपीसीओ) को कोरबा में 1,200 मेगावॉट के विद्युत संयंत्र निर्माण का ठेका दिया था।
एसईपीसीओ ने बाद में 275 मीटर ऊंची चिमनी निर्माण का कार्य जीडीसीएल को दे दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनाक्रोश से बचने के लिए एसईपीसीओ ने अपना कोरबा कार्यालय बंद कर दिया है और उसके 70 इंजीनियर शहर से पलायन कर गए हैं।
पुलिस ने कहा कि रायपुर के माना हवाई अड्डे के अधिकारियों को एसईपीसीओ स्टाफ को राज्य छोड़ने से रोकने के बारे में सतर्क कर दिया गया है, क्योंकि मामले की जांच में उनसे पूछताछ की आवश्यकता होगी। राज्य सरकार ने पहले ही मामले की न्यायिक जांच का आदेश दे दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications