अमरीका: ओबामा के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

अमरीका में राष्ट्रपति बराक ओबामा की नई स्वास्थ्य नीति के ख़िलाफ़ वॉशिंगटन में हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किया है.
उन्होंने राष्ट्रपति निवास व्हाइट हाउस से कैपिटल हिल तक रैली भी निकाली.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना चलाने से महंगाई बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो जाएगी.
लेकिन अपनी स्वास्थ्य योजना की वकालत करते हुए एक जनसभा में बराक ओबामा ने कहा है कि इसे लागू करने से पीछे नहीं हटेंगे.
ओबामा की नई नीति लागू होने से अमरीका पर 22 खरब डॉलर का बोझ पड़ेगा जो कि सकल घरेलू उत्पाद का 16 प्रतिशत है.
यह राशि इस समय स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च की जा रही राशि से दोगुनी है.
अडिग ओबामा
राष्ट्रपति ओबामा ने गत मंगलवार को अपनी नई स्वास्थ्य योजना को संसद के दोनों सदनों के सामने रखा था और कहा था कि वे इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
शनिवार को उन्होंने दोहराया कि वे घरेलू स्तर पर यह नीति उनकी प्राथमिकता है और वे इसमें कोई बदलाव स्वीकार नहीं करेंगे.
हालांकि उन्होंने कहा है कि वे इस नीति में सुधार के सुजावों का स्वागत करेंगे.
लेकिन इसका प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि ओबामा प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं और बैंकों को दी जा रही राहत राशि के रुप में अनियंत्रित खर्च कर रही है.
प्रदर्शनकारियों में शामिल, उक्रेन के एक आप्रवासी ने कहा, "हमने सोवियत संघ में बहुत समाजवाद देख लिया."
इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कई अमरीकी राज्यों से लोग वॉशिंगटन पहुँचे थे.
उल्लेखनीय है कि इस समय अमरीका में 4.6 करोड़ लोगों को पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है और 2.5 करोंड़ लोगों का स्वास्थ्य बीमा पर्याप्त नहीं है.












Click it and Unblock the Notifications