अब कोरस और जगुआर में छँटनी?

अख़बार का दावा है कि इसी सप्ताह कोरस से साढ़े तीन हज़ार कर्मचारी हटा दिए जाएँगे जबकि आने वाले कुछ हफ़्तों में जगुआर लैंड रोवर के 1500 कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है.
टाटा समूह की कंपनी टाटा स्टील ने वर्ष 2007 में एंग्लो-डच स्टील कंपनी कोरस को क़रीब 12 अरब डॉलर में ख़रीदा था.
जबकि टाटा की ही एक अन्य कंपनी टाटा मोटर्स ने पिछले साल दो अरब डॉलर से भी ज़्यादा राशि में जगुआर लैंड रोवर को ख़रीदा था. टाटा मोटर्स ने यह सौदा अमरीकी कार कंपनी फ़ोर्ड से किया था.
असर
आर्थिक मंदी का बड़ा असर दुनिया की कार बनाने वाली कंपनियों पर भी पड़ा है. अख़बार के मुताबिक़ ब्रितानी सरकार अगले कुछ दिनों में कार उद्योग के लिए सहायता की घोषणा कर सकती है.
लेकिन इन सबके बीच कोरस और जगुआर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की नौकरियाँ जा सकती हैं. द संडे टाइम्स का कहना है- ब्रिटेन की सबसे बड़ी स्टील कंपनी कोरस इस सप्ताह 3500 लोगों की छँटनी कर सकती है, जो देश के कार उद्योग के लिए बड़ा झटका होगा.
अख़बार के मुताबिक़ आने वाले समय में जगुआर लैंड रोवर भी 1500 कर्मचारियों को हटाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है.
अमरीका ने भी दिसंबर में कार बनाने वाली कंपनियों को अल्पकालिक वित्तीय सहायता दी थी. अमरीका की कार बनाने वाली कंपनियाँ क्राइसलर, फ़ोर्ड और जीएम ने बार-बार ये चेतावनी दी थी कि अगर सरकार कार इंडस्ट्री की सहायता के लिए आगे नहीं आती है तो लाखों की संख्या में नौकरियाँ जा सकती हैं.












Click it and Unblock the Notifications