देश की पहली महिला फ्लाइंग ऑफिसर बनीं बराला
नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। वायु सेना के गठन के 75 वर्षो के बाद कविता बराला पहली ऐसी महिला हैं जो फ्लाइंग ऑफिसर बनी हैं। वह 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को सलामी भी देंगी।
कविता जयपुर की हैं। वह इस समय मुख्य युद्धक विमान सुखोई-30 के परिचालन का प्रशिक्षण लेने की तैयारी कर रही हैं। वह इस बहुआयामी लड़ाकू विमान की पहली महिला सह-पायलट बनना चाहती हैं।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, "जब मैं दुंदिगाल (आंध्रप्रदेश) स्थित वायु सेना अकादमी प्रशिक्षण के लिए पहुंची तब मुझे पता चला कि अब तक कोई महिला फ्लाइंग ऑफिसर नहीं बनी है। मैंने यह चुनौती स्वीकार की और प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया।"
कविता ने वर्ष 2008 में एएन-32 विमान के परिचालन का प्रशिक्षण लिया और फिलहाल वह आगरा स्थित वायु सेना स्टेशन में बमबारी और आपदा के समय राहत कार्य से जुड़े अभियानों के दौरान विमान परिचालन की कला सीख रही हैं।
उनका कहना है, "एक बार मेरा प्रशिक्षण पूरा हो जाए तो मैं सुखोई-30 के परिचालन का प्रशिक्षण लूंगी।"
कविता के नक्शे -कदम पर कई अन्य महिलाएं भी चल चुकी हैं। उनके बैच की दो अन्य महिलाएं भी फ्लाइंग ऑफिसर बनने की तैयारी में जुटी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications