ज्योति बसु अस्पताल में भर्ती
कोलकाता, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वयोवृद्ध नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बसु को सिर में आंतरिक रक्तस्राव के इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। दरअसल शुक्रवार को कोलकाता के साल्ट लेक स्थित अपने आवास के बाथरूम में उनका पैर फिसल गया था, जिससे उनके सिर में चोट लग गई थी।
बसु को दक्षिण कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्हें वरिष्ठ न्यूरोसर्जन आर. एन. भट्टाचार्य की देखरेख में रखा गया है। बसु को अस्पताल पहुंचाने के लिए उनके परिजन और राज्य के खेल मंत्री सुभाष चक्रवर्ती आए थे।
शनिवार को बसु का सीटी स्केन और एक्स-रे करवाया गया था और उन्हें अस्पताल में ही आराम करने की सलाह दी गई थी।
बसु का हालचाल पूछने के लिए शनिावर को उनके आवास पर राज्य के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य और राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी पहुंचे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*