बीजिंग ओलंपिक : बिंद्रा को एक अरब देशवासियों के सपने अहसास था : राष्ट्रपति (लीड-2)
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने सोमवार को कहा कि निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को एक अरब देशवासियों के सपने का अहसास था, यही कारण है कि उन्होंने अपनी पूरी क्षमता लगाते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीता।
बिंद्रा की इस शानदार सफलता पर बधाई देने वालों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी भी शामिल हैं।
बिंद्रा को भेजे गए अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, "मैं इस बात को लेकर आत्यधिक खुश और गर्व महसूस कर रही हूं कि आपने एक अरब देशवासियों के सपने को महसूस करते हुए ओलंपिक में स्वर्ण जीता।
आपकी यह सफलता आने वाले दिनों में देश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का काम करेगी, जिससे प्रेरित होकर वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पर पहुंचने का प्रयास करेंगे। आपकी इस सफलता के बाद युवा खेल को करियर के तौर पर लेने में तनिक भी नहीं हिचकिचाएंगे।"
बिंद्रा ने सोमवार को 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण जीता। वे ओलंपिक की किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, "आपकी यह सफलता सिर्फ इसलिए मायने नहीं रखती कि भारत ने ओलंपिक खेलों में 28 वर्ष बाद स्वर्ण पदक जीता, बल्कि आपकी जीत हमारे लिए ज्यादा अहम इसलिए भी है क्योंकि आप ओलंपिक की किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बने।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications