राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने सुरजीत के निधन पर शोक व्यक्त किया
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता हरिकिशन सिंह सुरजीत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
सुरजीत का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार दोपहर 1.35 बजे निधन हो गया।
राष्ट्रपति कार्यालय से सुरजीत के निधन पर एक शोक संदेश भेजा गया। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के 15 वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने कोलंबो गए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सुरजीत को महान देशभक्त बताते हुए कहा कि वे उनके मित्र, मार्गदर्शक और समर्थक थे।
विभिन्न राजनीतिक दलों को गठबंधन के लिए एक छत के नीचे लाने में उनकी भूमिका को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरजीत 'संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन' के शिल्पकार थे। सुरजीत लगातार चार बार माकपा के महासचिव भी रहे थे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता डी. राजा ने सुरजीत की मौत को बड़ी क्षति बताया।
सुरजीत को महान प्रेरणास्त्रोत बताते हुए माकपा नेता नीलोत्पल बसु ने कहा, "उन्होंने विभिन्न दलों को एक साथ लाकर राजनीतिक परिदृश्य बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।"
माकपा सांसद मोहम्मद सलीम ने सुरजीत के निधन पर कहा, "उन्होंने दूसरे नेताओं की तरह भाई-भतीजावाद को बढ़ावा न देते हुए राजनीतिक रूप से जागरूक कम्युनिस्ट नेताओं की एक नई पौध तैयार की। उन्होंने हमेशा सांप्रदायिक ताकतों का विरोध किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*