साल के अंत तक इसरो का 'चंद्रायन-1' चांद पर
कोलकाता, 22 मई (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष शोध संगठन (इसरो)इस साल के अंत तक अपना मानवरहित यान 'चंद्रायन-1' चंद्रमा पर भेजेगा।
इसरो के अध्यक्ष जी. माधवन नायर ने यहां गुरूवार को संवाददाताओं से कहा, "हमें आशा है कि वर्ष 2008-09 की तीसरी तिमाही तक हम चंद्रायन-1 को चंद्रमा पर भेज देंगे।"
उन्होंने कहा कि चंद्रायन-1 चंद्रमा की कक्षाओं के चारों ओर यात्रा करेगा और चंद्रमा से जुड़ी तमाम जानकारियां प्राप्त करेगा। नायर ने कहा कि चंद्रमा की संपूर्ण कक्षा का चक्कर लगाने में यान को दो साल लगेंगे।
इसरो की भविष्य की योजना के बारे में चर्चा करते हुए नायर ने कहा कि चंद्रायन-1 के बाद 'जियोसाइनकोरोनस सेटेलाइट लांच वेकिल' (जीएसएलवी) को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, "इस संबंध में परीक्षण कार्य किए जा चुके हैं और इसे मार्च 2009 तक छोड़े जाने की संभावना है।"
नायर ने कहा, "हम 11वीं पंचवर्षीय योजना में 70 मिशन लांच करेंगे। पिछले पांच वर्षो की तुलना में हमने मिशन की संख्या में तीन गुनी वृद्धि की है।"
गौरतलब है कि नायर यहां वर्ष 2008 का 'राजा राममोहन राय पुरस्कार' प्राप्त करने के लिए आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications