राज ठाकरे के बयान पर भड़के राजद व भाजपा नेता
पटना, 5 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारतीयों खासकर रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे की टिप्पणी से खफा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
बिहार के उप मुख्यमंत्री और भाजपा राज्य इकाई के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि वह मुंबई के जुहू चौपाटी पर छठ पूजा करेंगे और देखेंगे कि मुंबई में उत्तर भारतीयों को छठ पूजा करने से कौन रोकता है।
मोदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कांग्रेस में अगर हिम्मत है तो राष्ट्र विरोधी भाषण देने वाले राज ठाकरे को तुरंत गिरफ्तार करे।"
उधर, राजद के मुख्य सचेतक रामकृपाल यादव ने ऐलान किया कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद मुंबई छठ मनाने अवश्य जाएंगे। ऐसी धमकियों का उन पर कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है। राजद के प्रवक्ता श्याम रजक ने भी कहा कि भारत एक है लेकिन राज ठाकरे से भारत की सार्वभौमिकता को खतरा पैदा हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications