Curry Leaves: बहुत काम का होता है कड़ी पत्ता, इन टिप्स की मदद से घर पर आसानी से गमले में उगाएं
Curry Leaves: कड़ीपत्ता एक बहुत ही पॉपुलर जड़ी-बूटी है। भारतीय रसोई में इसका बहुत ही ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। दरअसल इसकी खास सुगंध और तीखेपन के कारण ये खाने को और भी ज्यादा स्वादिष्ट बना देता है। कहते हैं कि कड़ी पत्ते का सेवन करने से पेट से समस्याओं में आराम मिलता है। ये सेहत को कई फायदे पहुंचाता है।
कड़ीपत्ता बहुत सारे औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो हमारे शरीर को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। ये कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में भी मददगार है। इसमें कई पोषक तत्व जैसे कॉपर, आयरन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, फाइबर पाए जाते हैं जो हमारे शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। आइए जानते हैं घर पर गमले में कड़ी पत्ता कैसे उगा सकते हैं।

घर पर गमले में कैसे उगाएं कड़ी पत्ता
कड़ीपत्ते को घर पर बड़ी ही आसानी से गमले में उगाया जा सकता है। इसके लिए आपको एक गमला, रोपण के लिए बीज या पौधा, उर्वरक युक्त अच्छी मिट्टी और पानी की जरूरत होगी। सबसे पहले 6 से 8 इंच गहरा गमला लें और उसमें अच्छी मिट्टी और थोड़ा सा उर्वरक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। फिर गमले में कड़ीपत्ते का बीज या पौधा रोपण कर दें।
मिट्टी की नमी का ध्यान रखें
कड़ीपत्ता उगाने के लिए मिट्टी की उपयुक्त नमी बहुत जरूरी होती है। इसलिए गमले में भरी मिट्टी को हमें नियमित रूप से पानी देना चाहिए। ये भी ध्यान रखना जरूरी है कि मिट्टी में पानी की मात्रा अधिक न हो जाए। अगर मिट्टी में पानी अधिक होगा तो पौधे की जड़ें प्रभावित होंगी और वह सही ढंग से विकसित नहीं हो पाएंगी। इसलिए संतुलित मात्रा में पानी देकर मिट्टी की नमी का ध्यान रखें।
कड़ीपत्ते के लिए धूप बहुत जरूरी
कड़ीपत्ते के लिए पर्याप्त धूप बहुत जरूरी होता है। धूप से पौधों में फोटोसिंथेसिस क्रिया होती है जिससे वह पोषक तत्व बना पाते हैं और तेजी से विकास कर पाते हैं। इसलिए, जब हम घर पर कड़ीपत्ते का पौधा उगाए तो हर रोज कम से कम 6 घंटे उसे धूप में जरूर रखें। ये पौधे को सही ढंग से बढ़ने और फलने-फूलने में मदद करेगा।
कैसे करें पौधे की देखभाल
समय-समय पर कड़ी पत्ते के पौधे की शाखाओं की छंटाई करनी जरूरी होती है ताकि पौधा सही ढंग से विकसित हो सके। लगभग एक साल बाद जब पौधा बड़ा हो जाए तो उसे बड़े आकार के गमले में स्थानांतरित कर दें। पौधे को 2 साल तक पूरी तरह विकसित होने का समय देना चाहिए। इसके बाद पौधे के पत्ते तोड़कर उपयोग किए जा सकते है। इन पत्तों को फ्रिज में स्टोर या पाउडर बनाकर रखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications