मार्केट जाने से बचती हैं टीना अंबानी, डर है कि पूरा बाजार न खरीद ले… अनिल अंबानी की पत्नी की कितनी संपत्ति?
आज के दौर में टीना अंबानी को अनिल अंबानी की पत्नी के तौर पर जाना जाता है। लेकिन एक वक्त था जब टीना को बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्री के तौर पर जाना जाता था। तब टीना का नाम टीना मुनीम हुआ करता था। महज 21 साल की उम्र में फिल्म 'देस परदेस' से बॉलीवुड करियर की शुरुआत करने वाली टीना ने 'रॉकी', 'सौतन', 'लूटमार', 'बातों बातों में' 'मनपसंद', और 'कर्ज' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था।
गुजराती जैन परिवार में जन्मी टीना का असली नाम निव्रुति मुनीम है। टीना ने साल 1975 में इंटरनेशनल टीन प्रिसेंस कॉन्टेस्ट, अरूबा (स्पेन) में इंडिया की तरफ से पार्टिसिपेट किया था। यहां उन्हें मिस फोटोजेनिक और मिस बिकिनी का अवॉर्ड मिला। इस शो के बाद ही उन्हें पहचान मिली और देव आनंद ने उन्हें अपनी फिल्म में ब्रेक दिया।

अनिल अंबानी ने साल 1986 में टीना मुनीम को पहली बार देखा था और देखते ही फिदा हो गए थे। टीना उस दौर में चर्चित स्टार बन गई थी लेकिन वो उस समय अनिल अंबानी या फिर उनकी कंपनी रिलायंस के बारे में कुछ भी नहीं जानती थी। खैर धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती परवान चढ़ी और उन्होंने शादी का फैसला कर लिया।
हालांकि ये इतना आसान नहीं था। अनिल ने जब ये बात घर में कही तो घरवाले नाराज हो गए। टीना की उम्र अनिल से 2 साल बड़ी थी। इसके अलावा बड़े अंबानी चाहते भी नहीं थे कि उनके घर कोई अभिनेत्री बहू बनकर आए। पारिवारिक दबाव के चलते दोनों के बीच दूरी आ गई। हालांकि ये दूरी लंबे वक्त तक नहीं रही और किसी न किसी वजह से दोनों टकराते रहे।
समय बीता और फैमिली प्रेशर भी धीरे-धीरे कम हुआ और एक दिन बेटे की जिद के आगे धीरूभाई अंबानी को झुकना पड़ा। साल 1991 में अनिल की टीना से शादी हो गई। टीना मुनीम अब टीना अंबानी बन गई थीं। शादी के बाद भी अपनी लैविश लाइफ स्टाइल की वजह से टीना अंबानी हमेशा खबरों में छाई रहती थीं।
साल 2008 में टीना के बर्थडे के मौके पर अनिल ने उनके लिए एक लग्जरी याच खरीदी थी, जिसका नाम टियान (Tian) था। ये नाम अनिल और टीना के नाम के फर्स्ट लेटर को मिलाकर बना था। इटली में बने इस खास याच को अनिल ने 400 करोड़ रुपए में खरीदा था। तब इस घटना की अखबारों में कई दिनों तक चर्चा चली थी।
दरअसल कुछ ही समय पहले मुकेश अंबानी ने नीता अंबानी को 250 करोड़ की याच गिफ्ट की थी। ऐसे में अनिल द्वारा अपनी पत्नी को दिए गए गिफ्ट को उसी से जोड़कर देखा गया। ये वो दौर था जब अनिल और मुकेश अंबानी के रिश्ते सबसे खराब दौर में थे।
कितनी है टीना अंबानी की संपत्ति?
News-18 की रिपोर्ट्स के मुताबिक टीना की मौजूदा नेटवर्थ करीब 2,331 करोड़ रुपये है। हालांकि एक वक्त उनकी संपत्ति करीब 10,000 करोड़ थी जोकि किसी भी अभिनेत्री से अधिक थी। टीना बताती हैं कि वो बहुत खर्चीली हैं और अगर उन्हें पसंद आ जाए, तो वो पूरा मार्केट भी खरीद सकती हैं। इसलिए वो ऐसी जगहों पर जाने से बचती हैं।












Click it and Unblock the Notifications