fact check: क्या ओमिक्रॉन के चलते झारखंड में लगा लॉकडाउन? जानें वायरल ट्वीट का सच
रांची, 04 दिसंबर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का एक कथित ट्वीट सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस ट्वीट में कहा गया है कि 6 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक झारखंड राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र, धर्म स्थल और पार्क सब बंद कर दिये जायेंगे। अब सीएम हेमंत सोरेन की इस पूरे मामले पर ट्वीट सामने आया है। उन्होंने वायरल हो रहे ट्वीट को फेक बताया है।

असामाजिक तत्वों ने कोरोना की तीसरी लहर का हवाला देते हुए सोशल मीडिया के जरिए झारखंड में लॉकडाउन की अफवाह उड़ाई है। हेमंत सोरेन के नाम से जो ट्वीट सोशल मीडिया में घूम रहा है, उसमें लिखा है कि, मेरे झारखंड वासियों, आप सभी को मालूम ही होगा कि एक घातक वैरिएंट आया है, जिसका नाम ओमिक्रॉन है। आप सभी की सुरक्षा के लिए झारखंड में लॉकडाउन लगने वाला है।
वायरल हो रहे इस ट्वीट में कहा गया है कि, 6 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक स्कूल, कॉलेज, इंस्टीट्यूट, आंगनबाड़ी, धर्म स्थान, पार्क सब बंद रहेंगे और सारे एग्जाम कैंसिल। अगर कहीं जरूरी काम से जाना है, तो ई-पास लगेगा। सुरक्षित रहें। घर में रहें। इसकी जानकारी मिलते ही झारखंड का आईटी सेल सक्रिय हो गया है। सीएमओ ने इस ट्वीट को फेक करार दिया है।

झारखंड के सीएमओ ने ट्वीट कर लिखा कि, सोशल मीडिया ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री की फेक आईडी बनाकर सोशल प्लेटफॉर्म पर लॉकडाउन की झूठी अफवाह फैलाने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए जांच के आदेश दिए हैं। आरोपी पर हो एफआईआर। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कोविड के नए वेरिएंट को लेकर लॉकडाउन से संबंधित कोई भी ट्वीट नहीं किया, अफवाहों पर भरोसा ना करें।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने झारखंड पुलिस से कहा है कि न केवल इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाये, बल्कि इस संदेश को फैलाने वाले शख्स की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये।

Fact Check
दावा
6 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक झारखंड राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र, धर्म स्थल और पार्क सब बंद कर दिये जायेंगे।
नतीजा
सोशल मीडिया ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री की फेक आईडी बनाकर सोशल प्लेटफॉर्म पर लॉकडाउन की झूठी अफवाह फैलाने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए जांच के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications