Fact Check: क्या यूक्रेन से लौटीं हरदोई की ग्राम प्रधान हो गईं गिरफ्तार? जानें वायरल फोटो की सच्चाई
नई दिल्ली, 6 मार्च: रूस और यूक्रेन में युद्ध जारी है। वहां पर बड़ी संख्या में भारतीय छात्र भी फंसे हैं, जिनको निकालने के लिए भारत सरकार ने पूरा जोर लगा दिया है। मौजूदा वक्त में यूक्रेन के हालात सही नहीं हैं और वहां भारतीयों की संख्या भी काफी ज्यादा है, जिस वजह से सबको लाने में वक्त लग रहा। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी छात्र वीडियो जारी कर मदद मांग रहे हैं। हाल ही में मेडिकल की पढ़ाई करने वाली वैशाली यादव का भी वीडियो सामने आया था। अब उनको लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए जा रहे हैं।

सरकार पर उठाए थे सवाल
दरअसल वैशाली ने वीडियो जारी कर मदद मांगी थी। साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए थे। उनका दावा था कि भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों की वैसी मदद नहीं कर पा रही, जैसी होनी चाहिए थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर ये खबर फैली कि वैशाली हरदोई के सांडी विकास खण्ड की तेरा पुरसौली की प्रधान हैं। उन्होंने घर में रहकर ये वीडियो शूट किया है। उनके पिता समाजवादी पार्टी के नेता हैं, जिस वजह से उनके वीडियो बनाने का मकसद सरकार को बदनाम करना था। हालांकि बाद में पता चला कि प्रधानी वाली बात सच है और वैशाली यूक्रेन में फंसी थीं। हाल ही में उनको भारत वापस लाया गया।

गिरफ्तारी वाली फोटो का क्या है सच?
इसके बाद भी अफवाहों का सिलसिला नहीं रुका। हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि वैशाली ने प्रधान रहते हुए यूक्रेन में पढ़ाई की। इस दौरान उनके सरकारी खाते से पैसे निकलते रहे, जिस वजह से अब उन पर कार्रवाई होगी। साथ ही कुछ लोगों ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोगों का दावा था कि प्रधानी में हेराफेरी की वजह से वैशाली की गिरफ्तारी हुई है। हमारी टीम ने जब इसकी जांच की तो ये दावा भी गलत निकला। फोटो में दिख रही गिरफ्तार महिला वैशाली नहीं हैं, बल्कि वो राजस्थान की लेडी डॉन कमला चौधरी है। उसको हथियार दिखाने से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था।

वैशाली ने कही ये बात
वैशाली अब वापस आ गई हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जब वैशाली यूक्रेन में थीं, तो प्रधान के खाते से पैसे निकले। ऐसे में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इस पर वैशाली ने कहा कि अगर एक लड़की पढ़ रही है, तो इसमें क्या बुराई है?
Recommended Video

Fact Check
दावा
यूक्रेन से लौटी हरदोई की ग्राम प्रधान हो गईं गिरफ्तार
नतीजा
फोटो में दिख रहीं वैशाली नहीं, बल्कि राजस्थान की एक अपराधी है।












Click it and Unblock the Notifications