Fact Check: बीएसएनएल JTO भर्ती 2023 पर ना करें विश्वास, कंपनी ने बताई नोटिफिकेशन की सच्चाई
Fact Check News: अगर आप BSNL JTO भर्ती के लिए अप्लाई करने जा रहे हैं तो सबसे पहले कंपनी की ओर से इस भर्ती से जुड़ी अधिसूचना को लेकर क्या कहा गया है, उसके बारे में जरूर जान लें।

BSNL JTO Recruitment Notice Fact Check: बीएसएनएल जेटीओ भर्ती 2023 को लेकर विभिन्न समाचार वेबसाइट पर 11705 जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (जेटीओ) की भर्ती की खबर दी गई थी। जिसमें बताया गया था कि बीएसएनएल जेटीओ भर्ती 2023 अधिसूचना के अनुसार 11705 पदों के लिए 31 दिसंबर को आधिकारिक वेबसाइट www.bsnl.co.in पर घोषित की गई है। लेकिन अब इस भर्ती अधिसूचना को लेकर बीएसएनएल ने ट्वीट कर बताया कि कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।
कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई
दरअसल, विभिन्न सोशल मीडिया साइट्स पर फैलाई जा रही नौकरी के नोटिफिकेशन की भ्रामक खबरों को लेकर अब खुद भारत संचार निगम लिमिटेड सामने आ चुका है। कंपनी ने कहा कि जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के 11 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए विभाग की ओर से कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
बीएसएनएल ने ट्वीट कर बताया
नोटिस में दावा किया गया है कि बीएसएनएल संगठन में जेटीओ के 11,705 रिक्त पदों को भरने जा रहा है। हालांकि, बीएसएनएल ने अब पुष्टि की है कि इस तरह के किसी भर्ती अभियान की घोषणा नहीं की गई है।
कंपनी ने अपने सभी सर्किलों के साथ-साथ मेट्रो डिस्ट्रिक्ट और अन्य ऐडमिनिस्ट्रेटिव यूनिट में स्वीकृत कुल 11705 पदों पर भर्ती से सम्बन्धित 'रिक्रूटमेंट रूल्स' नोटिफाई किए हैं। बीएसएनएल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कृपया फेक न्यूज से सावधान रहें। बीएसएनएल जेटीओ भर्ती 2023 के बारे में यह खबर सच नहीं है। बीएसएनएल द्वारा ऐसा कोई नोटिस/विज्ञापन जारी नहीं किया जाता है। आप प्रामाणिक बीएसएनएल समाचार केवल हमारी वेबसाइट https://bsnl.co.in पर पा सकते हैं।
सिर्फ एक ये भर्ती निकाली
जैसा कि बीएसएनएल की वेबसाइट पर देखा गया है, कंपनी ने हाल के दिनों में किसी बड़ी भर्ती प्रक्रिया की घोषणा नहीं की है। उपलब्ध एकमात्र अधिसूचना 23 दिसंबर की है और निदेशक, मानव संसाधन (एचआर) के पद के लिए है।

Fact Check
दावा
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने 11705 जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (JTO) के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है।
नतीजा
कंपनी ने बताया कि 11,705 पदों के लिए बीएसएनएल जेटीओ भर्ती सूचना नकली है।












Click it and Unblock the Notifications