Fact Check: कटनी में सरपंच का चुनाव जीतने पर नहीं लगे 'पाकिस्तान ज़िन्दाबाद' के नारे
नई दिल्ली, 05 जुलाई: सोशल मीडिया पर जमकर नारेबाजी करते हुए लोगों की भीड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो इस दावे के साथ वायरल हो रहा है कि इन लोगों ने मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पंचायत चुनाव जीतने के बाद 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए हैं। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि, सरपंच पद पर मुस्लिम प्रत्याशी के चुनाव जीतने पर कुछ युवा पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगाए।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लोगों ने लिखा कि, देखिए मप्र के कटनी जिले के पंचायत चाका में मुस्लिम उम्मीदवार की जीत पर लोग क्या नारे लगा रहे हैं! उन्होंने कथित नारेबाजी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के डीजीपी को टैग किया। इसके अलावा दैनिक भास्कर, क्रेटली , सुदर्शन न्यूज़ आदि तमाम पोर्टल्स ने इसी दावे के साथ खबर चलाई है।
ट्विटर पर कई ब्लू टिक अकाउंट से इस घटना पर पाकिस्तान ज़िन्दाबाद के नारे के दावे से ट्वीट किये गए हैं। सुदर्शन न्यूज़ के पत्रकार योगेश मिश्रा ने तो बुलडोज़र चलाने की मांग कार डाली और एबीपी न्यूज़ के पत्रकार ब्रजेश राजपूत ने लिखा,'एक और विवाद.. एमपी के कटनी ज़िले में एक चाका ग्राम पंचायत की सरपंच के जीतने पर लगे पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे, पुलिस इस वायरल विडीओ की जाँच में जुटी है।
इसके अलावा भाजपा मध्य प्रदेश के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने ट्विटर पर लिखा है,''कटनी में एक सरपंच के जीतने पर पाकिस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान जीत गया के नारे लगे हैं। टिप्पणी चाहिए मीलार्ड।' वायरल हो रहे वीडियो की वन इंडिया की फैक्ट चेक टीम ने पड़ताल की है। 30 सेकंड के वायरल वीडियो में भीड़ को एक इमारत के बाहर हाथ उठाकर नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। भीड़ को नारे लगाते हुए सुना जा सकता है कि वे किसी को बधाई दे रहे हैं। वे नारे लगा रहे हैं कि, "जीत गया भाई जीत गया" और "जिंदाबाद, जिंदाबाद"।
वीडियो की जांच के लिए हमने पहले वायरल वीडियो को धीमा किया और वायरल वीडियो को ध्यान से सुना। वायरल वीडियो में नारे "जीत गया भाई जीत गया" और "जिंदाबाद, जिंदाबाद" के रूप में सुनाई दे रहा है। हमने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो में 'वाजिद ख़ान ज़िन्दाबाद' के नारे को 'पाकिस्तान ज़िन्दाबाद' के नारे के रूप मे प्रचारित किया गया है। दरअसल भीड़ 'वाजिद ख़ान ज़िन्दाबाद' के नारे लगा रही है।
इसके अलावा न्यूज़क्लिक वेबसाइट के पत्रकार काशिफ काकवी ने भी इसी घटना के दूसरे एंगल से एक वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो उसी समय और उसी जगह का है जो साबित करता है कि समर्थक 'वाजिद भाई जिंदाबाद' और बीच में 'वाजिद खान ज़िंदाबाद' के नारे लगा रहे थे।

Fact Check
दावा
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पंचायत चुनाव जीतने के बाद 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए।
नतीजा
वीडियो की जांच के लिए हमने पहले वायरल वीडियो को धीमा किया और वायरल वीडियो को ध्यान से सुना। वायरल वीडियो में नारे "जीत गया भाई जीत गया" और "जिंदाबाद, जिंदाबाद" के रूप में सुनाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications