Fact check: क्या तालिबान के डर से पाकिस्तान भाग रहे अफगानी, जानिए Viral Video की सच्चाई
नई दिल्ली, 02 सितंबर: पूरी दुनिया की इस वक्त अफगानिस्तान पर नजर है। अमेरिकी सेना की काबुल से वतन वापसी के बाद तालिबान ने देश की पूरी सत्ता पर कब्जा कर लिया। अब अफगानी लोग सड़कों के जरिए देश छोड़ने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि भारी संख्या में लोग अफगानिस्तान से लगी पाकिस्तानी सीमा का गेट पार कर रहे हैं, इस वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने शरणार्थियों के लिए अपनी सीमा खोल दी, जिसके बाद अफगानी पाकिस्तान की ओर भाग रहे हैं। आखिर क्या है इस वीडियो की सच्चाई जानिए...

आज के दौर में सोशल मीडिया जितनी जल्दी किसी खबर को लोग तक पहुंचाने का जरिया बना है, उतना ही इसका इस्तेमाल फेक न्यूज फैलाने के लिए भी किया जा रहा है। लोग भी आंख मूंदकर ऐसी भ्रामक खबरों पर विश्वास कर लेते हैं। दरअसल, वायरल हो रहा वीडिया अफगानिस्तान संकट से पहले अप्रैल 2020 का है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस के दौरान घर लौट रहे अफगानों का पुराना वीडियो तालिबान के डर से भाग रहे लोगों का बताकर वायरल किया गया है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार वीडियो के साथ किए गए दावे फेक हैं। वीडियो अप्रैल 2020 का है और यह दिखाता है कि पाकिस्तान से लोग अफगानिस्तान अपने देश लौट रहे हैं, जब पाकिस्तान ने अपनी सीमा खोली थी। दरअसल कोविड -19 मामलों में वृद्धि के कारण बॉर्डर को कई दिनों के लिए बंद किया गया था। वीडियो में अफगान लोग खैबर दर्रे के पास तोरखम सीमा पार से पाकिस्तान से घर वापस भागते हुए दिखाया गया है। सीमा को दो हफ्ते से अधिक समय तक बंद रखा गया था।
4 दिनों के लिए पाकिस्तान ने खोली थी बॉर्डर
6 अप्रैल, 2020 को पाकिस्तान डॉन न्यूज के अनुसार पाकिस्तान के अधिकारियों ने 4 दिनों के लिए अफगानिस्तान के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील दी थी और सीमा पर अफगान नागरिकों की संख्या में वृद्धि के कारण पड़ोसी सरकार के अनुरोध के बाद तोरखम सीमा को खोल दिया था। इसके बाद पाकिस्तान में फंसे हजारों अफगान तोरखम सीमा पर पहुंचे और पाकिस्तान सीमा अधिकारियों ने हर अफगानी को सीमा पार करने की अनुमति दी थी।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि तालिबान के डर से लोग पाकिस्तान की ओर भाग रहे हैं।
नतीजा
वीडियो की सच्चाई यह है कि अप्रैल 2020 का है, जब पाकिस्तान सरकार ने अपनी बॉर्डर खोली थी, तब भारी संख्या में अफगान लोग अपने घर जाने के लिए भागे थे।












Click it and Unblock the Notifications