Fact Check: PM मोदी के 'धन्यवाद' न कहने पर ट्रंप आग बबूला? जानें क्या है गुस्से भरे पोस्ट का सच?
Donald Trump News:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ लगाने और भारतीय अर्थव्यवस्था को 'मृत' बताने की टिप्पणी ने हाल ही में चर्चा बटोरी। इस बीच, सोशल मीडिया पर ट्रंप के एक कथित पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें वे लिखते हैं- 'यह विश्वास करना कठिन है कि पीएम मोदी ने मेरे ट्वीट, बयानों या टैरिफ पर कोई जवाब नहीं दिया। हमने भारत को बहुत कुछ दिया - शानदार व्यापारिक सौदे, रक्षा सहयोग, बड़ी सभाएं - फिर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं। एक 'धन्यवाद' तक नहीं!
आगे वायरल पोस्ट में कहा गया कि लोग भूल जाते हैं कि मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम करवाया। कोई और ऐसा नहीं कर सकता था। कई लोग कहते हैं कि मुझे इसके लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए था! भारत को फायदा हो रहा है, जबकि अमेरिकी कामगारों को नुकसान। मुझे मोदी पसंद हैं, लेकिन यह अनादर बर्दाश्त नहीं होगा। व्यापार और दोस्ती के लिए बुरा। अब सवाल उठता है कि क्या वाकई ट्रंप ने ऐसा कुछ कहा?

जब इस वायरल दावे की पड़ताल की गई, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। ट्रंप के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स - ट्रुथ सोशल और एक्स (पहले ट्विटर) - पर ऐसा कोई पोस्ट नहीं मिला। न ही इस तरह की कोई बात कहीं डिलीट हुई है, क्योंकि इसकी कोई डिजिटल ट्रेस नहीं है। अगर ऐसा कोई बड़ा बयान होता तो अमेरिका या भारत की कोई विश्वसनीय न्यूज एजेंसी जरूर इसे कवर करती, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं मिला।
इससे साफ हो जाता है कि जो स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है वो पूरी तरह से फर्जी है। इसे किसी ने जानबूझकर बनाया और फैलाया ताकि लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा सके। सोशल मीडिया पर जब भी कोई चौंकाने वाला दावा सामने आए, तो बिना फैक्ट चेक किए उस पर भरोसा न करें। गलत जानकारी से न सिर्फ अफवाहें फैलती हैं बल्कि देशों के बीच रिश्तों पर भी असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- भारत की सख्ती के आगे झुका अमेरिका, मिली 1 हफ्ते की राहत, अब 1 अगस्त की जगह इस दिन से लागू होगा ट्रंप का टैरिफ

Fact Check
दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी पर व्यापार और रक्षा सहयोग के मामले में भारत को 'बहुत कुछ देने' के लिए धन्यवाद न देने का आरोप लगाया है।
नतीजा
वायरल दावे पूरी तरह गलत हैं।












Click it and Unblock the Notifications