भारत की सख्ती के आगे झुका अमेरिका, मिली 1 हफ्ते की राहत, अब 1 अगस्त की जगह इस दिन से लागू होगा ट्रंप का टैरिफ
Donald Trump India tariff 2025 announcement: अंतरराष्ट्रीय व्यापार की दुनिया में अचानक हलचल तब मच गई, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत कई देशों पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। यह टैरिफ 1 अगस्त 2025 से प्रभावी होना था, लेकिन भारत की सख्त प्रतिक्रिया और रणनीतिक रुख के बाद अमेरिका ने इस फैसले को एक सप्ताह के लिए टाल दिया है। अब यह टैरिफ 7 अगस्त से लागू होगा।
बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक एक बड़ा ऐलान करते हुए भारत समेत कई देशों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी, इतना ही नहीं, भारत पर अतिरिक्त जुर्माने की भी बात कही गई, जिसका कारण रूस से तेल और रक्षा उत्पादों की खरीद बताया गया। जिससे वैश्विक व्यापार जगत में खलबली मच गई।

अमेरिका क्यों लगा रहा है टैरिफ?
ट्रंप प्रशासन भारत पर व्यापार में संतुलन लाने का दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि भारत ने अमेरिकी कृषि और डेयरी उत्पादों पर भारी टैरिफ लगा रखा है और आयात में रुकावटें पैदा की हैं। साथ ही, रूस से तेल और डिफेंस प्रोडक्ट्स खरीदने पर भी अमेरिका ने भारत पर जुर्माने की बात कही है।
भारत का क्या रुख है?
भारत सरकार ने संयमित लेकिन स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वह देशहित में हर संभव कार्रवाई करने को तैयार है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि भारत नेगोशिएशन टेबल पर अमेरिका को जवाब देगा, लेकिन अपनी खाद्य सुरक्षा, किसानों के हित और रणनीतिक स्वायत्तता से कोई समझौता नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें Trump tariff on India: ट्रंप ने भारत पर लगाया 25 फीसदी टैरिफ, क्या होगा असर, कौन से सेक्टर होंगे प्रभावित?
अमेरिकी टैरिफ से भारत की अर्थव्यवस्था को हो सकता है नुकसान
अगर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 25% टैरिफ वर्ष 2025-26 के शेष हिस्से में प्रभावी रहते हैं, तो भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 6% से नीचे जा सकती है। अधिकांश अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इससे भारत की जीडीपी पर 20 से 40 आधार अंकों (bps) का नकारात्मक असर पड़ेगा।
ANZ के अर्थशास्त्री धीरज निम और संजय माथुर का कहना है कि अगर यह टैरिफ पूरे वित्त वर्ष में लागू रहा, तो भारत की जीडीपी में 40 आधार अंक की गिरावट आ सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि चूंकि भारत के प्रतिस्पर्धी देश भी उच्च टैरिफ का सामना कर रहे हैं, इसलिए वास्तविक प्रभाव अपेक्षाकृत कम हो सकता है।
टैरिफ की घोषणा के बाद देश में हलचल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद देश के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार में चिंता का माहौल बन गया। उद्योग जगत के विशेषज्ञों और कारोबारी संगठनों ने ट्रंप के इस कदम को 'एकतरफा और अनुचित' करार दिया है।
वहीं विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। कई नेताओं ने सरकार से मांग की है कि वह सिर्फ कूटनीतिक भाषा न अपनाकर खुलकर जवाब दे और यह स्पष्ट करे कि भारत ऐसे दबावों के आगे नहीं झुकेगा।
ये भी पढ़ें इंडिया पर 25% टैरिफ के बाद Trump का नया तंज, कहा- भारत-रूस की अर्थव्यवस्था 'मरी हुई'












Click it and Unblock the Notifications