Fact Check: क्या चंद्रबाबू नायडू ने BJP से तोड़ा गठबंधन? तिरुपति लड्डू विवाद के बीच क्या है वायरल दावे का सच?
Fact Check: तिरुपति लड्डू विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू की अगुवाई वाली तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अपना गठबंधन तोड़ दिया है।
सोशल मीडिया पर ये दावा किया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में टीडीपी के दो मंत्री केंद्र की सरकार से जल्द इस्तीफा दे सकते हैं। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, "ब्रेकिंग न्यूज, चंद्रबाबू नायडू ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ा! विशेष राज्य के दर्जे की मांग पूरी न होने पर गठबंधन टूटा!'' पोस्ट में ये भी दावा किया गया है कि 'चंद्रबाबू नायडू के बाद नीतीश भी कर सकते हैं खेल?' आइए जानें क्या है वायरल दावे का सच?

ये भी पढ़ें- Fact- Check: क्या सच में वंदे भारत ट्रेन की लागत 50 प्रतिशत बढ़ी, TMC सांसद का दावा कितना सच? जानिए
BJP और TDP गठबंधन को लेकर क्या किए जा रहे हैं दावे?
एबीपी न्यूज की एक न्यूज रिपोर्ट का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने एनडीए से गठबंधन तोड़ लिया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने की मांग की है...इसिलए ये गठबंधन तोड़ा गया है।
सोशल मीडिया एक्स यूजर @DINESHPATEL_up ने लिखा, ''बड़ी खबर, चंद्रबाबू नायडू के बाद नीतीश भी कर सकते हैं खेल? कल (TDP) चंद्रबाबू नायडू के दो मंत्री एनडीए से इस्तीफा दे देंगे?, चंद्रबाबू नायडू ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ा?,विशेष राज्य के दर्जे की मांग पूरी न होने पर गठबंधन टुटा?''
एक फेसबुक यूजर ने लिखा, ''ब्रेकिंग न्यूज,चंद्रबाबू नायडू के बाद नीतीश भी कर सकते हैं खेल? TDP चंद्रबाबू नायडू के दो मंत्री एनडीए से इस्तीफा देंगे! चंद्रबाबू नायडू ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ा! विशेष राज्य के दर्जे की मांग पूरी न होने पर गठबंधन टूटा!''
क्या है वायरल दावे का सच?
एबीपी न्यूज का यह वायरल वीडियो क्लिप, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने एनडीए से अपना गठबंधन तोड़ दिया है, दरअसल 2018 का है। उस समय, 2019 के लोकसभा चुनावों से ठीक पहले, चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने आंध्र प्रदेश के लिए विशेष दर्जे की मांग करते हुए एनडीए छोड़ दिया था। ये उसी वक्त से वीडियो क्लिप और फोटो को फिर से गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है।
वायरल दावे का सच जानने के लिए जब हमने कीवर्ड से सर्च किए थे, हमें 2018 वाली न्यूज वीडियो का वो पोस्ट मिला। सितंबर 2024 में टीडीपी गठबंधन तोड़ने वाली खबर में कोई सच्चाई नहीं पाई गई है। टीडीपी और चंद्रबाबू नायडू के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी ऐसी कोई पोस्ट या मीडिया में खबरें नहीं हैं।
कीफ्रेम लेकर गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर एबीपी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मार्च 2018 में अपलोड किया गया मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने की मांग पर अड़ी चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने NDA से अपना गठबंधन तोड़ने का फैसला किया था। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि मोदी सरकार में TDP के दो कैबिनेट मंत्री इस्तीफा देने वाले थे। इस जानकारी से साफ है कि वायरल वीडियो पुराना है और मार्च 2018 में चंद्रबाबू नायडू की TDP के भाजपा के नेतृत्व वाले NDA से बाहर होने से जुड़ा है।
ये भी पढे़ं- Fact-Check: सीएम नीतीश और लालू यादव के बीच बैठक की तस्वीर का सच, जानिए हकीकत
बता दें कि चंद्रबाबू नायडू ने 2014 के चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ गठबंधन किया था, लेकिन मार्च 2018 में एनडीए सरकार द्वारा आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा नहीं दिए जाने पर बाहर हो गए थे। चंद्रबाबू नायडू 2019 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में हार गए, लेकिन 2024 के आम चुनावों से पहले एनडीए में फिर से शामिल हो गए और बड़ी संख्या में संसदीय सीटें और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की।
जून 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। भाजपा ने 240 सीटें जीती थी लेकिन बहुमत के आंकड़ों से छूट गई थी। एनडीए सहयोगियों के समर्थन से, भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार किया और सरकार बनाई। एनडीए सहयोगियों में, टीडीपी (16 सांसद) और जेडीयू (12 सांसद) के साथ मिली है।

Fact Check
दावा
दावा: TDP ने BJP की अगुवाई वाले NDA से गठबंधन तोड़ दिया है।
नतीजा
फैक्ट: नहीं, ये दावा गलत है। TDP ने BJP की अगुवाई वाले NDA से गठबंधन नहीं तोड़ा है। ये दावा गलत है।












Click it and Unblock the Notifications