Fact Check: क्या सच में सीएम तीरथ सिंह रावत की बेटी ने पहनीं 'फटी जींस'?
देहरादून। उत्तराखंड के नए-नवेले सीएम तीरथ सिंह रावत अपने 'फटी जींस' वाले बयान को लेकर जबरदस्त आलोचनाओं के घेरे में हैं हालांकि उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली है और अपनी बातों को स्पष्ट करते हुए कहा कि मुझे जींस से नहीं बल्कि 'फटी जींस' से ऐतराज है। मैं तो खुद कॉलेज के दिनों में जींस पहना करता था लेकिन फिर भी मेरी बातों से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा मांगता हूं। लेकिन इसके बावजूद लोग सीएम तीरथ सिंह को लेकर बयानबाजी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
Recommended Video

'फटी जींस' पहने नजर आईं अभिनेत्री चित्राशी रावत
तो वहीं इसी बीच शाहरुख खान की मशहूर फिल्म 'चक दे इंडिया' की चर्चित अभिनेत्री चित्राशी रावत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वो 'फटी जींस' पहने हुए सड़कों पर घूमती नजर आ रही हैं, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने चित्राशी को सीएम तीरथ सिंह रावत की बेटी बता दिया है, जिसके बाद लोग चित्राशी की फोटो पर निगेटिव कमेंट करने लगे और सीएम रावत पर निशाना साधने लगे।

लोगों ने चित्राशी को सीएम रावत की बेटी बता दिया
कुछ लोगों ने तो यहां तक लिख दिया कि 'यह तब है जब इनकी बेटी चित्रांशी रावत एक अभिनेत्री है। चक दे इंडिया की कोमल चौटाला। चलिए देश को आखिरकार एक ऐसा सीएम मिला, जो प्लेन में एक महिला को ऊपर से नीचे देखता है, उसकी 'फटी जींस' पर टिप्पणी करता है, उन्हें उसके एनजीओ चलाने से परेशानी है, इससे भी ज्यादा तकलीफ उन्हें उसके पति से है, जो कि जेएनयू में पढ़ाते हैं। सवाल यहां जेएनयू का है, जो कि इनकी आंखों में किरकरी हैं।'

अभिनेत्री चित्राशी ने तोड़ी चुुप्पी
लोगों की इस तरह की बातें करते देख अभिनेत्री चित्राशी ने अब चुप्पी तोड़ी है, उन्होंने इंडिया टूडे से बात करते हुए कहा कि पता नहीं लोगों को ये भ्रम क्यों हुआ, मुझे सीएम की बेटी बता दिया, जो कि सरासर गलत है, मेरे भी पिताजी का नाम तीर्थ सिंह रावत है, इसलिए हो सकता है कि लोगों कन्फ्यूज हो गए हों लेकिन सच तो ये है कि मेरा सीएम तीरथ सिंह रावत और उनके बयान से कोई लेना-देना नहीं है, मेरी जो तस्वीर वायरल की जा रही है, वो भी पुरानी है।

कौन हैं चित्राशी रावत?
दरअसल चित्राशी रावत एक फिल्म अभिनेत्री हैं, जो स्टेट हॉकी टीम की प्लेयर भी रह चुकी हैं। वो मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं। चित्राशी को लोग फिल्म 'चक दे इंडिया' की कोमल चौटाला के रूप में पहचानते हैं। चित्राशी का जन्म 29 नवंबर 1989 को देहरादून में हुआ था। चित्राशी उत्तराखंड हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वैसे वो कई टीवी शोज भी होस्ट रह चुकी हैं। उन्होंने 'फैशन', 'लक', 'तेरे नाल इश्क हो गया', 'रैम्बो' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।

क्या कहा था सीएम तीरथ सिंह रावत ने?
दरअसल 17 मार्च को सीएम तीरथ सिंह रावत बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक कार्यशाला के उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दो दिवसीय कार्यशाला का टॉपिक था, 'बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृति, रोकथाम और पुनर्वास'। इस दौरान तीरथ सिंह रावत ने कहा कि बच्चों को नशा सहित तमाम विकृतियों से बचाने के लिए उन्हें संस्कारवान बनाना होगा। संस्कारित बच्चे जीवन के किसी भी क्षेत्र में असफल नहीं होते और इसके लिए उनकी मां को सजग होना चाहिए और इसी बात पर उन्होंने अपना अनुभव साझा किया।
(यहां देखें: सीएम तीरथ सिंह रावत का Video)
'फटी जींस' पहनने वाली महिला क्या ही संस्कार देंगी?
उन्होंने कहा कि एक बार वो प्लेन से कहीं जा रहे थे, तो उन्होंने एक महिला को दो बच्चों और पति के साथ देखा था, जिसने की 'फटी जींस' पहन रथी थी। उनके पति जेएनयू में प्रोफेसर थे। अब आप ही बताइए जो खुद फटी जींस पहने वो भला अपने बच्चों को क्या संस्कार देंगी और क्या ही सही-गलत बताएगीं। तीरथ के इसी बात पर बवाल मचा है और लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं।

Fact Check
दावा
सोशल मीडिया पर लोगों ने अभिनेत्री चित्राशी रावत को सीएम तीरथ सिंह रावत की बेटी बता दिया, जो सड़कों पर फटी जींस पहनकर घूम रही हैं।
नतीजा
यह दावा पूरी तरह से गलत है, अभिनेत्री चित्राशी ने इसका खंडन किया है।












Click it and Unblock the Notifications