Fact Check: पुलिस हिरासत में हंसती नजर आईं महिला पहलवान? बजरंग पूनिया ने शेयर की असली फोटो
Wrestlers Morphed Pic: पहलवान बजरंग पुनिया ने दो तस्वीरें ट्वीट की हैं, जिसमें से एक मॉर्फ्ड और दूसरी असल फोटो है।

Fact Check News: दिल्ली में रविवार को पहलवानों और पुलिस के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नए संसद भवन तक मार्च निकाल रहे पहलवानों को पुलिस ने झड़प के बाद हिरासत में ले लिया। इसके बाद एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसमें फोगाट बहनों के साथ कई पहलवान हंसते नजर आ रहे हैं। ऐसे में इस फोटो की सच्चाई खुद पहलवान बजरंग पूनिया ने बताई।
पहलवान बजरंग पूनिया ने संगीता फोगाट और विनेश फोगाट की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोटो के बाद एक ट्वीट किया है। फोटो में बस के अंदर बैठीं फोगाट बहनें हंसती नजर आ रही हैं, जिसकी सच्चाई बताते हुए बजरंग पूनिया ने असली तस्वीर भी साझा की है।
बजरंग पूनिया ने ट्वीट करते हुए बताया कि IT Cell वाले ये झूठी तस्वीर फैला रहे हैं। हम ये साफ कर देते हैं की जो भी ये फर्जी तस्वीर पोस्ट करेगा, उसके खिलाफ शिकायत दर्ज की जाएगी। बजरंग पूनिया ने दो तस्वीरें ट्वीट की है, जिसमें एक मॉर्फ्ड और दूसरी असली है। असल फोटो में संगीता फोगाट और विनेश फोगाट मुस्कुराते हुए नहीं दिखाई दे रही है।
इधर, फेक फोटो को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि महिला पहलवानों को बस में पुलिस हिरासत के दौरान हंसते हुए देखा गया है, जो साफ दिखाता है कि वो बिल्कुल गंभीर नहीं हैं। इस फोटो को ट्विटर यूजर हर्षवर्धन त्रिपाठी ने शेयर किया था।
आपको बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहलवानों का धरना एक महीने के ज्यादा वक्त से जारी है। रविवार को नए संसद भवन की तरफ मार्च निकाल रहे पहलवानों की पुलिस से तीखी झड़प हो गई थी। सोशल मीडिया पर रविवार दिन भर पुलिस की बर्बरता और झड़प की वीडियो वायरल हो रही थी। साक्षी मलिक, विनेश फोगाट के जमीन में गिरने की तस्वीर खूब वायरल हुई थी।

Fact Check
दावा
सोशल मीडिया पर महिला पहलवानों की हंसते हुए एक फोटो वायरल हो रही है।
नतीजा
बजरंग पूनिया ने इस तस्वीर को मॉर्फ्ड बताते हुए असल फोटो शेयर की है।












Click it and Unblock the Notifications