PSEB Result 2025: पंजाब बोर्ड रिजल्ट में लुधियाना की लड़कियों का जलवा! PSEB 10वीं में टॉप 3 रैंक पर किया कब्जा
PSEB Toppers Inspirational Story: यह साल लुधियाना की बेटियों के लिए खास बन गया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 10वीं कक्षा के हाल ही में घोषित नतीजों में लड़कियों ने न सिर्फ बाजी मारी, बल्कि जिले की टॉप तीन रैंक भी पूरी तरह अपने नाम कर लीं। राज्य मेरिट लिस्ट में लुधियाना से कुल 52 छात्रों का चयन हुआ, जिनमें 41 लड़कियां और सिर्फ 11 लड़के हैं।
लुधियाना का कुल पास प्रतिशत 91.62% रहा, लेकिन उससे भी ज्यादा चर्चा में हैं वो होनहार छात्राएं, जिन्होंने अपने जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास से न केवल परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया, बल्कि जिले को गर्व महसूस कराया। किसी ने इंजीनियर बनने का सपना देखा है, तो कोई डॉक्टर बनने को तैयार है, और कोई CA की तैयारी में जुटी है।

इन बेटियों ने यह भी साबित किया है कि नियमित पढ़ाई, सेल्फ-स्टडी, और परिवार का साथ हो तो कोई भी मंजिल नामुमकिन नहीं होती। आइए जानते हैं इन प्रतिभाशाली छात्राओं की प्रेरणादायक कहानियां...
ये भी पढ़ें: Saavi Jain: शामली की सावी जैन ने रचा 12वीं परीक्षा में इतिहास! दुकानदार की बेटी बनी टॉपर, पाए 500 में 499 अंक
अर्शनूर बनीं जिले की टॉपर
तेजा सिंह सुतंतर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अर्शनूर ने 99.38% अंक हासिल कर लुधियाना जिले में पहला स्थान और पंजाब राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने गणित में 100 में से 100 अंक पाए हैं। अर्शनूर ने 11वीं में नॉन-मेडिकल स्ट्रीम चुनी है और भविष्य में आईटी इंजीनियर बनना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि वह सेल्फ-स्टडी में विश्वास रखती हैं और हर विषय को दो बार रिवाइज करना उनकी सफलता की कुंजी है।
श्वेता ने हासिल किया दूसरा स्थान
सचदेवा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साहनेवाल की श्वेता सिंह ने 98.92% अंक हासिल कर राज्य में सातवां स्थान और जिले में दूसरा स्थान पाया। उन्हें पंजाबी छोड़ सभी विषयों में पूरे अंक मिले। श्वेता ने कॉमर्स स्ट्रीम चुनी है और सीए बनने का सपना देखती हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने एनसीईआरटी की किताबों पर भरोसा किया और सेल्फ-स्टडी से तैयारी की। श्वेता को चित्र बनाना, पढ़ना और गाना पसंद है।
अक्षित और अर्शदीप को तीसरा स्थान
तेजा सिंह सुतंतर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की अक्षित ने 98.77% अंक हासिल कर गणित और कंप्यूटर में पूरे अंक पाए। उन्होंने राज्य स्तर पर आठवां और जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। अक्षित साइंस स्ट्रीम में गई हैं और कार्डियोलॉजिस्ट बनने की चाह रखती हैं।
बाबा जोरावर सिंह फतेह सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोट्टन की अर्शदीप कौर ने भी 98.77% अंक लेकर राज्य में आठवां स्थान और जिले में तीसरा स्थान साझा किया। उन्होंने अंग्रेजी और हिंदी में पूरे अंक पाए हैं और मेडिकल स्ट्रीम चुनी है।
राज कुमार और गुरकीरत ने पाया चौथा स्थान
98.62% अंक हासिल कर एसजीडी ग्रामर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धंदारी कलां के राज कुमार और तेजा सिंह सुतंतर मेमोरियल स्कूल की गुरकीरत कौर ने जिला स्तर पर चौथा स्थान साझा किया है।
राजवीर ने हासिल किया राज्य में 12वां स्थान
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गुर्म की छात्रा राजवीर कौर ने 98.15% अंक प्राप्त कर पंजाब राज्य में 12वां स्थान प्राप्त किया है।
छात्राओं की मेहनत और आत्मविश्वास ने दी उड़ान
इस साल के परिणामों में साफ दिखा कि लड़कियों ने न केवल मेहनत की, बल्कि अपने आत्मविश्वास और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम की है। लुधियाना जिले की इन होनहार छात्राओं ने यह साबित कर दिया है कि अगर ठान लिया जाए, तो कोई मंज़िल दूर नहीं।
ये भी पढ़ें: PSEB 10th Result 2025: पंजाब की 10वीं बोर्ड परीक्षा में एक साथ 3 छात्राओं ने किया टॉप, 95.61% छात्र हुए पास












Click it and Unblock the Notifications