पिता सड़क पर बेचते हैं बैग, सरकारी स्कूल में पढ़े बेटे ने NEET UG 2026, JEE और CUET एक साथ किया क्रैक
Om Chouksey Success Story: मध्य प्रदेश के जबलपुर के ओम चौकसे की कहानी उन छात्रों के लिए बड़ी मिसाल है, जो कम सुविधाओं के बीच बड़े सपने देखते हैं। साधारण परिवार से आने वाले ओम ने अपनी मेहनत और पढ़ाई के दम पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ नीट ही नहीं, बल्कि जेईई मेन और सीयूईटी जैसी परीक्षाएं भी पास की हैं।
सरकारी स्कूल से पढ़ाई करने वाले ओम ने बोर्ड परीक्षाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उनके पिता स्कूल के बाहर सड़क किनारे बैग बेचकर परिवार चलाते हैं और मां गृहिणी हैं। घर की सीमित आमदनी के बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई को रुकने नहीं दिया। ओम ने भी मुश्किल हालात को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।

स्कूल के बाहर बैग बेचते हैं पिता
ओम चौकसे का परिवार आर्थिक रूप से सामान्य है। उनके पिता कई सालों से एक स्कूल के बाहर सड़क किनारे बैग बेचते हैं। इसी कमाई से परिवार का खर्च चलता है। उनकी मां घर संभालती हैं। आमदनी सीमित होने के बावजूद माता-पिता ने ओम की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने अपनी परेशानियों के बीच बेटे के सपनों को आगे बढ़ने का मौका दिया।
ये भी पढ़ें: विदेश से पढ़ाई, राजस्थान में दबदबा! कौन हैं IAS गायत्री राठौड़, जिन्हें सौंपी गई जयपुर NEET PG मामले की जांच?
ओम ने भी परिवार की स्थिति को समझते हुए पढ़ाई पर पूरा ध्यान लगाया। नियमित पढ़ाई, मेहनत और समय का सही इस्तेमाल उनकी तैयारी का अहम हिस्सा रहा।
10वीं में हासिल की सातवीं रैंक
ओम की पढ़ाई की शुरुआत सरकारी स्कूल से हुई। मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं परीक्षा में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और पूरे राज्य की मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान हासिल किया। इसके बाद 12वीं में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने राज्य स्तर पर दसवीं रैंक हासिल की। सरकारी स्कूल से पढ़ने वाले ओम का लगातार दो बोर्ड परीक्षाओं में राज्य की मेरिट लिस्ट में जगह बनाना उनकी मेहनत को दिखाता है।
NEET के साथ JEE और CUET भी पास
ओम ने 12वीं की पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू कर दी थी। उनका लक्ष्य सिर्फ बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं था, बल्कि मेडिकल और दूसरे बड़े प्रवेश परीक्षाओं में भी सफलता हासिल करना था।
उन्होंने नीट यूजी 2026 के साथ जेईई मेन और सीयूईटी भी पास की। एक तरफ बोर्ड की पढ़ाई और दूसरी तरफ अलग-अलग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करना आसान नहीं था। ओम ने नियमित पढ़ाई और समय के सही इस्तेमाल से दोनों जिम्मेदारियों को संभाला।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया सम्मानित
ओम की उपलब्धि की जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंची तो उन्होंने एक कार्यक्रम में ओम को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत और सफलता की तारीफ की। उन्होंने ओम जैसे छात्रों को प्रदेश के दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बताया।
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलना ओम और उनके परिवार के लिए खास पल रहा। जिस परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पिता की सड़क किनारे बैग बेचने की कमाई से पूरी होती हैं, उसी परिवार के बेटे ने राज्य की मेरिट लिस्ट में जगह बनाने के साथ नीट, जेईई मेन और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल की।
ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट


Click it and Unblock the Notifications
