NCERT Preamble Controversy:क्या सच में NCERT ने किताबों से हटा दी संविधान की प्रस्तावना? परिषद ने दी क्या सफाई
NCERT Preamble Controversy: नई राष्ट्रीय शिक्षा व्यवस्था के तहत जारी NCERT की नई कक्षा 9 सामाजिक विज्ञान की किताब को लेकर पिछले कुछ दिनों से संविधान की प्रस्तावना (Preamble) हटाए जाने की चर्चा तेज थी। सोशल मीडिया से लेकर कई मंचों पर दावा किया गया कि नई किताब में प्रस्तावना को जगह नहीं दी गई है।
अब इस पूरे मामले पर NCERT से जुड़े सूत्रों ने स्थिति साफ की है। उनका कहना है कि ऐसी खबरें सही तस्वीर पेश नहीं कर रहीं। नए पाठ्यक्रम में विषयों को अलग तरीके से बांटा गया है। इसका मतलब किसी विषय को हटाना नहीं, बल्कि अलग-अलग कक्षाओं में क्रम से पढ़ाना है ताकि छात्रों को हर स्तर पर बेहतर समझ मिल सके।

क्या कहा NCERT के सूत्रों ने
ANI से बातचीत में NCERT के सूत्रों ने बताया कि यह कहना गलत है कि संविधान की प्रस्तावना नई किताबों से हटा दी गई है। उनके अनुसार प्रस्तावना आज भी सभी नई NCERT पुस्तकों के शुरुआती पन्नों में मौजूद है। इसमें सामाजिक विज्ञान की नई किताबें भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते' NCERT की किताब में मनुस्मृति के श्लोक पर क्यों उठा विवाद? आमने-सामने आए एक्सपर्ट्स
नए पाठ्यक्रम में बदला गया विषयों का क्रम
सूत्रों के मुताबिक, नया पाठ्यक्रम राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (National Curriculum Framework) के आधार पर तैयार किया गया है। इसके तहत पहले जिन विषयों को एक ही कक्षा की किताब में पढ़ाया जाता था, अब उन्हें अलग-अलग कक्षाओं में बांटा गया है। इससे छात्र हर स्तर पर विषयों को धीरे-धीरे और बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
10वीं की पढ़ाई में भी शामिल है प्रस्तावना
NCERT का कहना है कि संविधान की प्रस्तावना केवल शुरुआती पन्नों तक सीमित नहीं है। इसे कक्षा 10 के पाठ्यक्रम का भी हिस्सा बनाया गया है, जहां छात्रों को इससे जुड़ी जानकारी विस्तार से पढ़ाई जाएगी।
छठी से आठवीं तक भी पढ़ाए जाते हैं संवैधानिक मूल्य
सूत्रों ने बताया कि संविधान से जुड़े कई अहम मूल्य पहले से ही स्कूलों में पढ़ाए जा रहे हैं। धर्मनिरपेक्षता, न्याय, स्वतंत्रता और समाजवाद जैसे विषय कक्षा 6 से 8 तक के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। खास तौर पर कक्षा 7 की सामाजिक विज्ञान की किताब में इन मूल्यों का परिचय कराया जाता है, जबकि कक्षा 10 में इन्हें और विस्तार से समझाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: NCERT पर फिर छिड़ी बहस! 9वीं की किताब से 'प्रस्तावना' और 'धर्मनिरपेक्षता' गायब, अब बच्चे पढ़ेंगे इमरजेंसी












Click it and Unblock the Notifications