BITS पिलानी पूरे 4 साल की ट्यूशन फीस करेगा माफ! किन स्टूडेंट्स को मिलेगा फायदा? देख लें अप्लाई करने का प्रोसेस
BITS Pilani Scholarship 2026: इंजीनियरिंग की पढ़ाई का सपना देख रहे मेधावी छात्रों के लिए BITS पिलानी ने बड़ी राहत दी है। संस्थान ने अपनी 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस स्कॉलरशिप का दायरा बढ़ा दिया है। पहले इसका लाभ BITSAT परीक्षा में टॉप 500 रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मिलता था, लेकिन अब टॉप 1000 रैंक तक के छात्र भी इसके लिए पात्र होंगे।
खास बात यह है कि इस योजना के तहत योग्य विद्यार्थियों को पूरे चार साल के अंडरग्रेजुएट कोर्स की ट्यूशन फीस नहीं देनी होगी। हालांकि, इसका लाभ उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आय 20 लाख रुपये तक है। स्कॉलरशिप जारी रखने के लिए हर साल कम से कम 7.5 CGPA बनाए रखना भी जरूरी होगा।

टॉप 1000 रैंक वालों को मिलेगी पूरी फीस माफी
BITS पिलानी के नए नियम के अनुसार, BITSAT में टॉप 1000 रैंक हासिल करने वाले और तय पारिवारिक आय सीमा में आने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस स्कॉलरशिप दी जाएगी। यह छूट चार साल के पूरे अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम के लिए होगी। हर शैक्षणिक वर्ष में कम से कम 7.5 CGPA बनाए रखना जरूरी है।
अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं
इस स्कॉलरशिप के लिए छात्रों को कोई अलग फॉर्म भरने या आवेदन जमा करने की जरूरत नहीं होगी। पात्रता की सभी शर्तें पूरी करने वाले उम्मीदवारों को एडमिशन ऑफर के साथ ही स्कॉलरशिप का लाभ मिल जाएगा। संस्थान ने BITSAT में अच्छी रैंक पाने वाले छात्रों की बढ़ती रुचि को देखते हुए यह फैसला लिया है, ताकि आर्थिक परेशानी किसी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई में रुकावट न बने।
पिछले साल बांटी 190 करोड़ रुपये की मदद
हिन्दुस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, BITS पिलानी के ग्रुप वाइस चांसलर प्रो. वी. रामगोपाल राव ने बताया है कि संस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्कॉलरशिप, फीस छूट और फेलोशिप के रूप में करीब 190 करोड़ रुपये बांटे थे। इसमें 101 करोड़ रुपये फर्स्ट डिग्री यानी अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों को मेरिट, मेरिट-कम-नीड और इंटरनेशनल स्टूडेंट स्कॉलरशिप के तहत दिए गए।
संस्थान के अलग-अलग कैंपस में हर चार में से एक विद्यार्थी को किसी न किसी तरह की आर्थिक मदद मिली। प्रो. राव ने बताया कि संस्थान आगे भी स्कॉलरशिप का दायरा बढ़ाने की योजना बना रहा है। उसका लंबी अवधि का लक्ष्य सभी विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस से राहत देने की दिशा में आगे बढ़ना है।
ये भी पढ़ें: CBSE 10वीं-12वीं के स्टूडेंट्स के लिए बड़ा अपडेट! जल्द जारी होगी बोर्ड परीक्षा की डेटशीट, कब से होंगे एग्जाम?


Click it and Unblock the Notifications
