CBSE 10वीं-12वीं के स्टूडेंट्स के लिए बड़ा अपडेट! जल्द जारी होगी बोर्ड परीक्षा की डेटशीट, कब से होंगे एग्जाम?
CBSE Board Exam 2027 की तैयारी कर रहे 10वीं और 12वीं के छात्रों को अब डेटशीट का इंतजार है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड जल्द ही दोनों कक्षाओं की मुख्य परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर सकता है। पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो सीबीएसई अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर की शुरुआत में परीक्षा कार्यक्रम घोषित करता रहा है। ऐसे में नवंबर के पहले सप्ताह तक डेटशीट आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हालांकि, बोर्ड ने अभी परीक्षा कार्यक्रम की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। छात्रों को सलाह है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के बजाय सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर नजर रखें। वहीं, कई स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और इस बार दो बार प्री-बोर्ड कराने की तैयारी है।

कब शुरू हो सकती हैं CBSE बोर्ड परीक्षाएं?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीएसई 10वीं और 12वीं की मुख्य थ्योरी परीक्षाएं फरवरी 2027 के दूसरे पखवाड़े में शुरू कर सकता है। संभावित तौर पर 15 से 17 फरवरी के बाद परीक्षाएं आयोजित हो सकती हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि डेटशीट जारी होने के बाद ही होगी।
थ्योरी परीक्षा से पहले जनवरी में स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं और इंटरनल असेसमेंट पूरे कराए जा सकते हैं।
कहां और कैसे चेक करें डेटशीट?
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी होने के बाद छात्र इन स्टेप्स से इसे डाउनलोड कर सकेंगे।
- सबसे पहले cbse.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर कक्षा 10वीं या 12वीं डेटशीट के लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर परीक्षा का पूरा टाइमटेबल खुल जाएगा।
- डेटशीट डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकाल लें।
- विषयों की तारीख और सब्जेक्ट कोड ध्यान से चेक करें।
10वीं के छात्रों को मिलेंगे दो बोर्ड परीक्षा के मौके
नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत सीबीएसई 10वीं के छात्रों के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा कराने की व्यवस्था लागू कर रहा है। इसके तहत पहली परीक्षा फरवरी-मार्च और दूसरी परीक्षा मई के आसपास हो सकती है। दूसरी परीक्षा छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका देगी।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे करें?
डेटशीट का इंतजार करने के बजाय अभी से रिवीजन पर ध्यान दें। रोजाना कम से कम एक सैंपल पेपर या पिछले साल का प्रश्नपत्र समय तय करके हल करें। इससे लिखने की गति और समय का सही इस्तेमाल करने की आदत बनेगी।
कमजोर विषयों को ज्यादा समय दें। किसी भी सवाल में परेशानी होने पर स्कूल या ट्यूशन टीचर से समय रहते डाउट क्लियर करें। दोस्तों के साथ ग्रुप स्टडी भी कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: CBSE Class 9 & 10 Rules: सत्र 2026-27 से बदलेगा 9वीं-10वीं का पैटर्न, सीबीएसई ने जारी किया सर्कुलर


Click it and Unblock the Notifications
