Bihar D.El.Ed Exam 2025: शुरू हुई डीएलएड की परीक्षा, सेंटर पर जाने से पहले जानें क्या ले जाना है, क्या नहीं
Bihar D.El.Ed Entrance Exam 2025: बिहार में डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 की शुरुआत आज से हो गई है। शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा बेहद अहम है, क्योंकि इसी के आधार पर डीएलएड सत्र 2025-27 में एडमिशन मिलेगा।
राज्यभर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में यह परीक्षा आयोजित हो रही है, जो 27 सितंबर तक चलेगी। पहले दिन से ही अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों पर उमड़ने लगी है। इस परीक्षा के जरिए डीएलएड सत्र 2025-27 में एडमिशन दिया जाएगा।

कहां होंगे परीक्षा केंद्र
- पहले चरण में पटना, भोजपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मुंगेर और पूर्णिया जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 26 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगी (31 अगस्त और 5 सितंबर को छोड़कर)।
- पहली पाली सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक होगी।
- 14 सितंबर से 27 सितंबर तक परीक्षा पटना, भागलपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा और मुंगेर के 18 केंद्रों पर होगी। इस दौरान पहली पाली दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक और दूसरी पाली शाम 4.30 बजे से 7 बजे तक चलेगी।
ये भी पढ़ें: Railway Jobs: बिना परीक्षा-इंटरव्यू के रेलवे में मिलेगी नौकरी, निकली बंपर भर्ती, कब और कैसे करना है अप्लाई?
परीक्षा के लिए जरूरी गाइडलाइंस
समय पर पहुंचें: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले गेट बंद हो जाएगा।
ड्रेस कोड: जूते-मोजे पहनकर आना मना है, सिर्फ चप्पल पहनकर ही आना होगा।
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन: हाथ में मेहंदी, नेल पॉलिश या स्याही नहीं लगाएं।
जरूरी दस्तावेज: ई-एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट जिस पर आवेदन वाली फोटो चिपकी हो, उसकी फोटोकॉपी, और एक ऑरिजनल फोटो आईडी (आधार, वोटर आईडी, पासबुक, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) साथ रखें।
साथ रखें ये चीजें: पेंसिल और बॉल पेन जरूर साथ लाएं।
प्रतिबंधित सामान: मोबाइल, ब्लूटूथ, किताबें, नोट्स या कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लाना मना है।
परीक्षा का पैटर्न
- परीक्षा में कुल 120 सवाल होंगे और हर सवाल 1 अंक का होगा।
- सामान्य हिंदी/उर्दू - 25 प्रश्न
- गणित - 25 प्रश्न
- विज्ञान - 20 प्रश्न
- सामाजिक अध्ययन - 20 प्रश्न
- सामान्य अंग्रेजी - 20 प्रश्न
- तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमता - 10 प्रश्न
सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 35% और आरक्षित वर्ग के लिए 30% अंक जरूरी होंगे।
रिजल्ट और एडमिशन प्रक्रिया
परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट बनेगी और मेरिट व पसंद के आधार पर संस्थान आवंटित होंगे। इस संबंध में बिहार बोर्ड अलग से नोटिस जारी करेगा। डीएलएड डिप्लोमा प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे, हालांकि इसके लिए टीईटी पास करना अनिवार्य होगा।
ये भी पढ़ें: BSF Recruitment 2025: 10वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का मौका, BSF ने हेड कांस्टेबल RO/RM के लिए निकाली भर्ती












Click it and Unblock the Notifications