Budget 2024: बजट से शेयर बाजार होगा अस्थिर, सोने की चमक और बढ़ेगी
Budget 2024: मंगलवार 23 जुलाई को आम बजट पेश होने वाला है। इस बजट से सभी सेक्टर को उम्मीदें हैं। लेकिन सबसे ज्यादा निगाह यदि किसी पर लगी हुई है तो वह है शेयर बाजार।
जी हां, आज के समय में अरबपति से लेकर आम आदमी तक शेयर मार्केट से जुड़ा हुआ है। शेयर बाजार में पिछले पांच वर्षों में आम आदमी ने सबसे ज्यादा पैसा लगाया है।

यह पैसा शेयर ट्रेडिंग के साथ म्युचुअल फंड, आईपीओ, गोल्ड आदि में भी खूब लगाया गया है। और जिस तरह शेयर बाजार तेजी पर सवार है उससे आम निवेशकों ने खूब पैसा कमाया भी है। अब जब मंगलवार को बजट पेश होने वाला है तो शेयर बाजार पर इसका क्या असर होगा, यह ग्रहों के अनुसार जानने का प्रयास करते हैं।
23 जुलाई प्रात: 11 बजे की कुंडली के अनुसार कन्या लग्न में केतु विराजमान है और सप्तम में राहु है। शेयर मार्केट की स्थिति जानने के लिए राहु-केतु और शुक्र की स्थिति का विश्लेषण करना आवश्यक होता है। केतु लग्न में है, सप्तम में राहु है और एकादश धन स्थान में शुक्र विराजमान है।
व्यापार के ग्रह बुध की राशि कन्या में है
शुक्र की लाभ भाव में उपस्थिति धन आने का संकेत दे रही है किंतु लग्नस्थ केतु शेयर मार्केट की तेजी पर रोक लगा सकता है। क्योंकि यह व्यापार के ग्रह बुध की राशि कन्या में है और सीधी दृष्टि से राहु के देख रहा है। राहु सप्तम भाव में होने से यह साझेदारी के बिजनेस से हानि के संकेत दे रहा है।
लग्नस्थ केतु गिराएगा शेयर बाजार
सेंसेक्स इस समय 80 हजार के स्तर को पार कर चुका है और सोने के दाम 75 हजार प्रति दस ग्राम को पार कर चुके हैं। केवल सेंसेक्स की बात करें तो बजट के बाद सेंसेक्स में अस्थिरता हो सकती है, यानी थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है, यह जल्द ही स्थिर होकर फिर आगे बढ़ेगा। केतु के प्रभाव से सेंसेक्स में एक हजार अंकों तक की गिरावट देखी जा सकती है।
भाग्य स्थान का बृहस्पति बढ़ाएगा सोने की चमक
सोने को लेकर सरकार कोई बड़ी घोषणा कर सकती है इसलिए इस बार के बजट के बाद सोने की कीमतों में और उछाल आने की संभावना है। नवम भाव अर्थात् भाग्य भाव में मंगल बृहस्पति की युति होने से सोने के दाम को पंख लग सकते हैं। सोने में महंगाई बढ़ने से इस सेक्टर में निवेश करने वालों को तो लाभ होगा किंतु वैवाहिक सीजन में सोना खरीदने वालों की जेब से अतिरिक्त पैसा जाएगा। सोने में बजट के बाद 2 से 3 हजार रुपये की बढ़ोतरी होने की स्थिति बन रही है। भाग्य भाव का बृहस्पति सोने को सपोर्ट करेगा।












Click it and Unblock the Notifications