Mumbai Local में CVVRS लागू होने से बदलेगी तस्वीर, जानें AI तकनीक कैसे लोकल में सफर को बनाएगी सुरक्षित
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। एआई टेक्नोलॉजी के जरिए यात्रियों के लिए सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाने की योजना है। मुम्बई सबअर्बन रेलवे ने क्रू वॉइस एंड वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम (CVVRS) को लागू करना शुरू कर दिया है। इसके जरिए अब मुंबई लोकल में सफर करना पहले से आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
यह अत्याधुनिक सिस्टम मोटरमैन के केबिन में छह हाई-रेज़ोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों और ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस के साथ लगाया जाएगा। खास बात यह है कि ये कैमरे सिर्फ रिकॉर्डिंग ही नहीं करते, बल्कि AI तकनीक की मदद से मोटरमैन के व्यवहार पर भी नजर रखते हैं। अगर AI को लगता है कि मोटरमैन थका हुआ है, ध्यान भंग है या मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है, तो सिस्टम तुरंत रीयल-टाइम अलर्ट भेज देता है।

Mumbai Local को बेहतर बनाने के लिए हो रहा बड़ा निवेश
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक से न केवल दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी बल्कि घटना के बाद जांच प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी। रिकॉर्डिंग में ट्रैक दृश्य, केबिन का माहौल और बाहरी गतिविधियां सभी दर्ज होंगी। मुंबई लोकल को विश्व स्तरीय बनाने के लिए रेलवे और केंद्र सरकार भारी निवेश कर रही है। केंद्रीय रेलवे में अब तक 25 और पश्चिमी रेलवे में 26 लोकल में यह सिस्टम लगाया जा चुका है। जून 2025 तक इसे पूरे लोकल नेटवर्क में लागू करने का लक्ष्य था, जिसमें अभी कुछ देरी हुई है। मुम्ब्रा में हुई दुर्घटना के बाद इस प्रक्रिया में और तेज़ी लाई जा रही है, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: AI Use In Coolie: रजनीकांत की फिल्म का म्यूजिक हुआ है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार, चैटजीपीटी ने लिखा गाना!
रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, CVVRS तकनीक पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ाती है। रीयल-टाइम डेटा से यह स्पष्ट हो सकेगा कि किसी घटना के समय ट्रेन स्टाफ का व्यवहार कैसा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था। यात्रियों के बीच इस पहल का स्वागत हो रहा है। मुंबई लोकल में AI का यह आगाज़ न केवल तकनीकी उन्नति का उदाहरण है बल्कि यह रेलवे के उस संकल्प को भी दर्शाता है जिसमें यात्री सुरक्षा सर्वोपरि है। आने वाले समय में यह पहल देश के अन्य शहरों की लोकल और मेट्रो सेवाओं के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें: AI In Delhi Metro: मेट्रो की तस्वीर बदलेगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अब टिकट और स्मार्ट कार्ड का झंझट होगा खत्म!












Click it and Unblock the Notifications