Bengal Minister Caste: सुवेंदु अधिकारी से दिलीप घोष तक, बंगाल BJP सरकार के कैबिनेट में किस-किस जाति के मंत्री?
West Bengal BJP Cabinet Caste Equation: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 9 मई 2026 की तारीख एक बड़े बदलाव की गवाह बनी है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य समारोह के बीच सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लेकिन इस नई सरकार की सबसे खास बात केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि मंत्रिमंडल का वह 'सोशल इंजीनियरिंग' फॉर्मूला है, जिसने पूरे बंगाल को चौंका दिया है।
बीजेपी ने अपने पहले मंत्रिमंडल में अनुभव, युवा चेहरे और जातियों के बीच एक ऐसा संतुलन बिठाया है, जो बंगाल के हर कोने का प्रतिनिधित्व करता है। आइए समझते हैं कि सुवेंदु सरकार के इस नए 'पावर गेम' में किस जाति और समुदाय के नेताओं को जगह मिली है और इसके पीछे की रणनीतिक सोच क्या है। (हालांकि ये फाइनल नहीं हैं, अभी कैबिनेट का विस्तार होना है)

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी: ब्राह्मण चेहरा और जमीनी पकड़ (CM Suvendu Adhikari Caste)
राज्य की कमान संभाल रहे सुवेंदु अधिकारी उत्कल ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। उनके पिता शिशिर अधिकारी भी राजनीति के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। सुवेंदु की सबसे बड़ी खूबी यह है कि उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन खड़ा करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने में महारत हासिल की है।

नंदीग्राम का नायक: 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में उनकी भूमिका ने ही बंगाल में वामपंथ के पतन की नींव रखी थी।
ममता बनर्जी को दी शिकस्त: उन्होंने न केवल 2021 में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराया, बल्कि 2026 के चुनाव में भवानीपुर सीट पर भी उन्हें 15 हजार वोटों से पटखनी देकर खुद को 'जायंट किलर' साबित कर दिया।
दिलीप घोष: ओबीसी और यादव समुदाय का प्रतिनिधित्व (Dilip Ghosh Caste)
सुवेंदु कैबिनेट में मुख्यमंत्री के बाद सबसे प्रभावशाली नाम दिलीप घोष का है। दिलीप घोष ओबीसी (OBC) श्रेणी के तहत य्यादाव समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वह बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और राज्य में पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनकी कड़ी मेहनत का बड़ा हाथ है। उनकी नियुक्ति यह साफ करती है कि बीजेपी बंगाल के पिछड़ा वर्ग के वोटरों को एक मजबूत संदेश देना चाहती है।

निसिथ प्रमाणिक: राजवंशी समुदाय की बुलंद आवाज (Nisith Pramanik Caste)
उत्तरी बंगाल के प्रभावशाली राजवंशी समुदाय से आने वाले निसिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। राजवंशी समुदाय खुद को 'क्षत्रिय' वंश से जोड़ता है और बंगाल के साथ-साथ असम और बिहार के कुछ हिस्सों में भी इनकी बड़ी आबादी है। पश्चिम बंगाल में इन्हें अनुसूचित जाति (SC) में गिना जाता है। कूचबिहार से सांसद और केंद्र में मंत्री रह चुके निसिथ के पास प्रशासनिक अनुभव की कोई कमी नहीं है।

अग्निमित्रा पॉल: सामान्य वर्ग और कायस्थ चेहरा (Agnimitra Paul Caste)
आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल मंत्रिमंडल में महिला शक्ति के साथ-साथ सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह कायस्थ समुदाय से आती हैं। एक नामी फैशन डिजाइनर से फायरब्रांड नेता बनीं अग्निमित्रा को उनकी बेबाक बयानबाजी और बंगाल में बीजेपी के मुखर चेहरे के तौर पर जाना जाता है।

अशोक कीर्तनिया: मतुआ समुदाय का भरोसा (Ashok Kirtania Caste)
बंगाल की राजनीति में 'मतुआ' समुदाय की भूमिका हमेशा से निर्णायक रही है। इसी समीकरण को साधने के लिए अशोक कीर्तनिया को कैबिनेट में शामिल किया गया है। वह खुद मतुआ समुदाय से आते हैं और लंबे समय से इस समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बनगांव उत्तर से लगातार दूसरी बार विधायक बने अशोक कीर्तनिया की मौजूदगी मतुआ समाज को सरकार में अपनी हिस्सेदारी का अहसास कराती है।

खुदीराम टुडू: आदिवासी समाज का गौरव (Khudiram Tudu Caste)
जंगलमहल के इलाके में बीजेपी की पकड़ को और मजबूती देने के लिए खुदीराम टुडू को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। पेशे से शिक्षक रहे खुदीराम आदिवासी (संथाल) समुदाय का बड़ा चेहरा हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी मातृभाषा संथाल में ही पद की शपथ ली। उनकी नियुक्ति रानीबांध और आसपास के आदिवासी इलाकों में पार्टी के आधार को और विस्तार देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

सबका साथ, सबका विकास का बंगाल मॉडल
सुवेंदु अधिकारी की नई कैबिनेट की संरचना को देखें तो यह स्पष्ट है कि बीजेपी ने केवल सत्ता हासिल करने पर ही ध्यान नहीं दिया, बल्कि बंगाल के विविध सामाजिक ताने-बाने को भी सम्मान दिया है। ब्राह्मण मुख्यमंत्री के साथ ओबीसी, राजवंशी (SC), कायस्थ, मतुआ और आदिवासी मंत्रियों की टोली यह बताती है कि पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलने की तैयारी में है। हालांकि अल्पसंख्यक (Minority) (मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, पारसी और जैन) से एक भी मंत्री फिलहाल शामिल नहीं किया गया है। अब देखना यह होगा कि कैबिनेट के विस्तार में इन्हें जगह मिलती है या नहीं।














Click it and Unblock the Notifications