मुआवजे की मांग को लेकर आत्मदाह करने वाले किसान की मौत

अधिकारियों के मुताबिक झीर गांव के निवासी बाबू कुशवाहा ने शुक्रवार को आत्मदाह का प्रयास किया था। बुरी तरह से झुलस जाने के बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
झांसी मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्साधिकारी बाल किशन ने बताया कि 35 वर्षीय कुशवाहा ने इलाज के दौरान शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। जब उसे अस्पताल लाया गया था उस समय उसका शरीर 70 फीसदी से अधिक जल चुका था।
अधिकारियों के मुताबिक कुशवाहा के साथ कई और किसान प्रदर्शन में शामिल हुए थे। किसान सिचाई विभाग द्वारा अधिगृहीत की गई भूमि के लिए अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
उधर, किसानों का कहना है कि मुआवजे की मांग को लेकर जिले के एक अधिकारी अनवर फारुकी से गरमागरम बहस होने के बाद कुशवाहा ने खुद को आग के हवाले कर दिया था।
वहीं फारुकी का कहना है कि वह झीर गांव के किसानों के एक समूह से बात कर रहे थे । इसी दौरान उन्होंने कुशवाहा को आग लगाते देखा। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।












Click it and Unblock the Notifications