पत्नी से सहमति के बगैर संबंध रेप होंगे? बचाने वाली धारा 63(2) हटाने पर सुनवाई को सुप्रीम कोर्ट की सहमति!
वैवाहिक बलात्कार यानी मैरिटल रेप के संवेदनशील मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाते हुए इससे जुड़ी याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई करने पर सहमति जताई है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि वह 9 या 10 दिसंबर को इस मामले पर विस्तार से सुनवाई करेगी और शीतकालीन अवकाश से पहले इसे पूरा करने का प्रयास करेगी। इस मामले में मुख्य रूप से भारतीय न्याय संहिता की धारा 63 के अपवाद-2 और पुरानी आईपीसी की धारा 375 को चुनौती दी गई है, जो पति को अपनी वयस्क पत्नी के साथ बिना सहमति संबंध बनाने पर रेप के मुकदमे से कानूनी सुरक्षा देती है। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि शादी किसी महिला के शरीर और सहमति के अधिकार को खत्म नहीं करती, इसलिए यह प्रावधान संविधान के समानता और निजता के अधिकार का उल्लंघन है। दूसरी ओर केंद्र सरकार ने इस अपवाद को हटाने का विरोध करते हुए कहा है कि इसके सामाजिक और वैवाहिक व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकते हैं और यह विधायिका के अधिकार क्षेत्र का विषय है। कोर्ट इस बात की जांच करेगा कि क्या यह कानूनी अपवाद संवैधानिक रूप से वैध है और क्या इसके रहते पति पर मुकदमा चल सकता है। दिल्ली हाई कोर्ट के विभाजित फैसले और कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश के बाद अब पूरे देश की नजरें सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले पर टिकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
