UP School Milk Viral Video: बाल्टी भर पानी में 1 लीटर दूध! मिड-डे-मील के नाम पर खौफनाक मजाक
UP School Milk Viral Video: उत्तर प्रदेश के महोबा से आई यह खबर पढ़कर समझ नहीं आता कि हंसें या सिस्टम की 'क्रिएटिविटी' पर माथा पीट लें! जहां सरकार बच्चों की सेहत के लिए बादाम-दूध के सपने दिखाती है, वहां महोबा के ढिकवाहा गांव के स्कूल ने तो 'होम्योपैथी' वाला फार्मूला अपना लिया है एक बाल्टी पानी में दो पैकेट दूध की ऐसी 'शक्ति' डाली कि सफेदी भी आ गई और बजट भी बच गया।
ऊपर से मैडम प्रिंसिपल की ऐसी 'कुंभकर्णी' नींद कि स्कूल क्लासरूम कम और बेडरूम ज्यादा लगने लगा है। चलिए, इस 'सफेद झूठ' और 'नींद वाली शिक्षा' के रोमांचक सफर पर एक नज़र डालते हैं।

Mahoba Mid Day Meal scam: दूध कम, गंगाजल ज्यादा: ये है असली 'मैजिक'!
महोबा के इस स्कूल ने विज्ञान के सारे नियम फेल कर दिए हैं। यहां दूध में पानी नहीं मिलाया जाता, बल्कि 'पानी में दूध की दो बूंदें' डालकर उसे पवित्र किया जाता है। वायरल वीडियो में रसोइया छविरानी ने बाल्टी भर पानी में दो पैकेट दूध ऐसे डाले जैसे कोई समंदर में चीनी घोल रहा हो। बच्चों को लगा दूध मिलेगा, लेकिन मिला 'सफेद रंग का पानी'। इसे कहते हैं बजट बचाने की ऐसी कला, जिसे देखकर बड़े-बड़े अर्थशास्त्री भी इस्तीफा दे दें!
ये भी पढे़ं: Bikaner ACB Raid: क्लर्क के घर कुबेर का खजाना! 75 लाख कैश, 1.5 करोड़ का सोना व 100 बीघा जमीन बरामद | Video
प्रिंसिपल साहिबा की 'स्लीपिंग ब्यूटी' वाली ड्यूटी
एक तरफ दूध का खेल चल रहा था, तो दूसरी तरफ प्रधानाचार्य मोनिका सोनी जी शिक्षा के मंदिर में 'गहरी साधना'(जी हां, नींद!) में लीन थीं। बच्चे किताब खोलकर मैडम के जागने का इंतज़ार करते रहे और मैडम शायद सपनों में 'आदर्श विद्यालय' का नक्शा बना रही थीं। ड्यूटी के समय ऐसी सुखद नींद तो शायद हिमालय के साधुओं को भी न आती होगी। वाकई, जब गुरु सोएगा, तभी तो देश (का भविष्य) चैन की नींद सोएगा!
Mid Day Meal corruption Viral Video: सिस्टम की 'शह' और मासूमों का 'दही'
यहां मिड-डे मील सिर्फ भोजन नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का 'फुल कोर्स' बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों के पोषण के नाम पर अपनी जेबें गरम की जा रही हैं। नौनिहालों के हक पर ऐसा डाका डाला जा रहा है कि दूध के नाम पर उन्हें सिर्फ झाग नसीब हो रहा है। नियमों को ताक पर रखकर यहां शिक्षा नहीं, बल्कि 'मनमर्जी का सर्कस' चलाया जा रहा है। बच्चों के भविष्य का दही करने में स्कूल प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
ये भी पढ़ें: शिक्षक को मिला 'हाथी' गिफ्ट, 2000 KM का सफर तय कर अरुणाचल से पहुंचा यूपी, देखें Viral वीडियो
BSA साहब की 'जांच' और वही पुराना राग
मामला बढ़ा तो बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा जी ने भी 'जांच' का वही पुराना और घिसा-पिटा हथियार निकाल लिया है। उन्होंने सख्त कार्रवाई का भरोसा तो दिया है, लेकिन जनता पूछ रही है कि क्या यह जांच भी उस बाल्टी वाले दूध की तरह पतली होगी? क्या सच में कार्रवाई होगी या फिर फाइलें भी मैडम की तरह अलमारी में सो जाएंगी? देखना यह है कि मासूमों को उनका असली हक मिलता है या फिर सब कुछ 'सफेद पानी' की तरह बह जाएगा












Click it and Unblock the Notifications