Instagram पर आया नया फीचर: अब Reels और पोस्ट को सीधे फीड में कर सकेंगे Repost
इंस्टाग्राम ने एक नया रीपोस्टिंग फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से यूज़र्स अब किसी भी पब्लिक रील या पोस्ट को सीधे अपनी फॉलोअर्स की फीड में शेयर कर सकते हैं। इस फीचर के जरिए शेयर किए गए कंटेंट पर ओरिजिनल क्रिएटर को क्रेडिट भी दिया जाएगा।

क्या है इंस्टाग्राम का नया रीपोस्ट फीचर?
अब तक इंस्टाग्राम पर किसी दूसरे यूज़र की पोस्ट को सिर्फ स्टोरी या डायरेक्ट मैसेज के जरिए ही शेयर किया जा सकता था। लेकिन नए अपडेट के बाद यूज़र्स किसी भी सार्वजनिक रील या पोस्ट को सीधे अपनी फीड में रीपोस्ट कर सकते हैं, जो देखने में बिल्कुल ओरिजिनल पोस्ट की तरह होगी। हालांकि, उस पर 'रीपोस्ट' का टैग लगा रहेगा और साथ ही ओरिजिनल क्रिएटर का नाम भी दिखाई देगा।
रीपोस्ट किया गया कंटेंट आपके प्रोफाइल पर एक अलग टैब 'Reposts' में भी सेव हो जाएगा, जिससे कोई भी यूजर आपके द्वारा शेयर किए गए कंटेंट को बाद में भी देख सकेगा। यह टैब कुछ-कुछ सेव्ड पोस्ट या टैग की गई फोटोज जैसा होगा।
कैसे करता है काम?
रीपोस्ट करने के लिए जिस पोस्ट या रील को रीपोस्ट करना है, उसके नीचे दिख रहे दो तीरों वाले आइकन (रीपोस्ट आइकन) पर टैप करें। इसके बाद आप चाहें तो एक छोटा नोट या कैप्शन भी जोड़ सकते हैं। कन्फर्म करते ही वह पोस्ट आपकी फीड और रीपोस्ट टैब में दिखने लगेगी।
क्रिएटर्स के लिए क्यों फायदेमंद है यह फीचर?
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा। जब कोई यूजर उनके कंटेंट को रीपोस्ट करता है! उनका यूजरनेम दिखाई देता है। रीपोस्ट की गई पोस्ट सीधे ओरिजिनल पोस्ट से लिंक होती है। इससे क्रिएटर का कंटेंट ज्यादा लोगों तक पहुंचता है, वो भी बिना किसी पेड प्रमोशन के। इस तरह रीपोस्ट्स एक तरह की 'रिकमेंडेशन' की तरह काम करती हैं, जो नए दर्शकों तक पहुंचने का ज़रिया बन सकती हैं।
प्राइवेसी और सीमाएं
यह फीचर सिर्फ पब्लिक अकाउंट्स के लिए ही उपलब्ध है। अगर आपका अकाउंट प्राइवेट है, तो कोई भी आपकी पोस्ट को रीपोस्ट नहीं कर पाएगा। साथ ही, यूज़र चाहें तो अपनी सेटिंग्स में जाकर यह तय कर सकते हैं कि उनकी पोस्ट को कोई रीपोस्ट कर सके या नहीं।
इंस्टाग्राम का यह अपडेट उसे ट्विटर (अब एक्स) और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म्स के और करीब लाता है, जहां यूज़र्स के बीच कंटेंट शेयर करना एक आम आदत है। यह फीचर न सिर्फ इंगेजमेंट को बढ़ाएगा, बल्कि क्रिएटर्स और ऑडियंस दोनों के लिए नए मौके भी लेकर आएगा।












Click it and Unblock the Notifications