Telecom Spam Call Identifier: स्पैम कॉल से मिलेगी राहत, Jio-Airtel-VI ला रहे नया Caller ID सिस्टम
Telecom Spam Call Identifier: अगर आप भी दिनभर स्पैम कॉल्स से परेशान रहते हैं, तो अब राहत मिलने वाली है। देश की तीन बड़ी टेलिकॉम कंपनियां-जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया मिलकर एक नई कॉलर आईडी सेवा (CNAP) शुरू करने की तैयारी में हैं।

हर कॉल पर दिखेगा कॉलर का नाम
इस नई सर्विस में जब कोई कॉल आएगी, तो उस व्यक्ति का नाम आपकी स्क्रीन पर खुद-ब-खुद नजर आएगा। इससे आप तुरंत पहचान सकेंगे कि कॉल जरूरी है या स्पैम। इसके लिए अब किसी थर्ड पार्टी ऐप जैसे Truecaller की ज़रूरत नहीं होगी।
क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
भारत में हर दिन लाखों स्पैम कॉल्स आते हैं, जिनमें से कई धोखाधड़ी से जुड़ी होती हैं। DND (डू नॉट डिस्टर्ब) जैसी सेवाएं भी इन्हें पूरी तरह रोक नहीं पाईं क्योंकि कॉलर्स नए-नए नंबरों से कॉल करते रहते हैं। ऐसे में CNAP टेक्नोलॉजी को स्पैम कॉल्स से बचाने का असरदार तरीका माना जा रहा है।
कैसे काम करेगी यह सेवा?
टेलिकॉम कंपनियां इस सिस्टम को लागू करने के लिए AI और बड़े डेटाबेस का सहारा ले रही हैं। अगर किसी मार्केटिंग एजेंसी का कॉल आएगा, तो वह स्क्रीन पर "प्रमोशनल कॉल" या "टेलीमार्केटिंग" के टैग के साथ दिखाई देगा। इससे यूज़र पहले ही तय कर सकेगा कि कॉल उठानी है या नहीं।
किसने दी थी ये सलाह?
फरवरी 2024 में TRAI (टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने सभी ऑपरेटरों को CNAP लागू करने की सिफारिश की थी। सरकार ने भी इस योजना को तेजी से लागू करने का आग्रह किया ताकि लोगों को बार-बार आने वाली अज्ञात और स्पैम कॉल्स से राहत मिल सके।
किन लोगों को नहीं मिलेगा ये फीचर?
यह सुविधा फिलहाल सिर्फ स्मार्टफोन और 4G/5G नेटवर्क पर काम करेगी। जो लोग अभी भी फीचर फोन या 2G नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके लिए यह तकनीक फिलहाल संभव नहीं है।
किन कंपनियों के साथ मिलकर बन रही यह टेक्नोलॉजी?
भारती एयरटेल, जियो और Vi इस सुविधा को विकसित करने के लिए HP, Dell, Ericsson और Nokia जैसी बड़ी ग्लोबल टेक कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। इन कंपनियों के जरिए जरूरी सर्वर और सॉफ्टवेयर तैयार किए जा रहे हैं।
कब से शुरू होगी सेवा?
इस टेक्नोलॉजी का ट्रायल कुछ सर्कल्स में शुरू हो चुका है। तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद यह सुविधा पूरे देश में रोलआउट की जाएगी। उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में इसका फायदा सभी स्मार्टफोन यूज़र्स को मिलने लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications