दिवाली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर देगी योगी सरकार, खाते में आएंगे रुपए
चुनावी साल 2024 में यूपी की बीजेपी सरकार जनता के लिए कई योजनाएं लेकर आ रही है। इसी कड़ी में अब यूपी के लोगों को दिवाली पर उज्ज्वला योजना के तहत पैसा मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि सिलेंडर की खुदरा कीमत का भुगतान केंद्र से मिलने वाली सब्सिडी घटाकर करने का प्रस्ताव किया गया है।
यूपी सरकार उज्ज्वला योजना के 1.75 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के बजाय उनके बैंक खातों में पैसे डालने पर विचार कर रही है। इसके तहत एक सिलेंडर के लिए 914.50 रुपए चुकाने होंगे।

पहली किस्त इसी दिवाली खाते में भेजने की योजना है। इसके लिए लाभार्थियों के बैंक खातों को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है। 2022 चुनाव से पहले योगी सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया गया था। जो होली और दिवाली पर दिए जाने थे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दो बार होली और एक बार दिवाली बीत चुकी है। लेकिन, इस वादे पर अब तक अमल नहीं हो सका है। इधर, सरकार अब तेजी से बढ़ती महंगाई और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले अपना वादा पूरा करने के फॉर्मूले पर गंभीरता से विचार कर रही है।
सूत्रों की मानें तो 1144 रुपये के सिलेंडर के औसत खुदरा मूल्य में केंद्र सरकार की ओर से 230 रुपये की सब्सिडी और बैंक विनिमय दर की कटौती के बाद अब लगभग 914.50 रुपये का भुगतान करने पर सहमति बनी है। योजना में भुगतान केवल लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में ही किया जाएगा।
बता दें कि यूपी समेत पूरे देश में 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं। यूपी सरकार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जनता से किए गए अपने सभी वादे पूरे करने की कोशिश में है।












Click it and Unblock the Notifications